यूपी में 120 से अधिक बेरोजगारों को किसने तुरंत दिया ऑफर लेटर? छलक पड़े खुशी के आंसू
लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित जीतो नेशनल जॉब फेयर 3.0 में 380 से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इस मेले में 120 से 130 युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर मि ...और पढ़ें

HighLights
जीतो नेशनल जॉब फेयर 3.0 लखनऊ में आयोजित।
380 से अधिक युवाओं ने रोजगार मेले में भाग लिया।
120-130 अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर मिले।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के पुराने परिसर स्थित मालवीय सभागार शनिवार को युवाओं के सपनों और उम्मीदों का केंद्र बन गया। जैन इंटरनेशनल ट्रेड आर्गेनाइजेशन (जीतो) लखनऊ चैप्टर की ओर से आयोजित नेशनल जाब फेयर 3.0 में 380 से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस रोजगार मेले में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं के साक्षात्कार लिए और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह रहे। उन्होंने युवाओं से कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में कौशल और आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं।
मेले की सबसे भावुक तस्वीर तब सामने आई जब करीब 120 से 130 युवाओं को मौके पर ही आफर लेटर प्रदान किए गए। वहीं लगभग 30 से 40 अभ्यर्थियों को अगले चरण के इंटरव्यू के लिए चयनित किया गया। कई कंपनियां भर्ती प्रक्रिया के तहत दूसरे और तीसरे चरण के साक्षात्कार भी आयोजित कर रही हैं, जिसके लिए इन अभ्यर्थियों को आगे बुलाया जाएगा।
नौकरी की तलाश में लंबे समय से भटक रहे अनेक युवाओं के लिए यह दिन किसी नई शुरुआत से कम नहीं था। कई ऐसे प्रतिभागी भी थे जो आर्थिक परेशानियों और बेरोजगारी के दबाव से जूझ रहे थे। जब उन्हें नियुक्ति पत्र मिला तो उनके चेहरे पर वर्षों बाद सुकून और आत्मविश्वास की मुस्कान दिखाई दी।
कुछ युवाओं और उनके परिजनों की आंखें खुशी से नम हो गईं। सभागार में मौजूद हर व्यक्ति उन भावुक पलों का साक्षी बना, जब एक कागज का टुकड़ा किसी के लिए बेहतर भविष्य, आर्थिक मजबूती और परिवार की उम्मीदों का आधार बन गया।