लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर फिर धंसी सड़क, भारी वाहनों की आवाजाही पर NHAI ने लगायी रोक
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर 10 मीटर सड़क धंस गई और किए गए पैचवर्क भी उखड़ गए, जिसके बाद एनएचएआई ने भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। गुणवत्ता में खामियों के चलते यह समस्या लगातार बनी हुई है और मरम्मत कार्य जारी है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर 10 मीटर सड़क फिर धंसी।
एनएचएआई ने भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई।
उखड़े पैचवर्क की मरम्मत, गुणवत्ता जांच जारी है।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। पिछले कई दिनों से लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता में आ रही खामियां अब तक दूर नहीं हो सकी हैं। मंगलवार को फिर से 10 मीटर सड़क धंस गई। इतना ही नहीं निर्माण करने वाली कंपनी ने जो पैचवर्क किया था, वह भी उखड़ गया। एनएचएआइ ने एहतियात के तौर पर कानपुर-लखनऊ एकसप्रेसवे पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।
बारिश के बीच बीती 26 जुलाई से लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर गड्ढे पड़ने की फोटो सपा नेता ने इंटरनेट मीडिया पर वायरल की थी। इसके बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई नेताओं ने इस एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता को लेकर केंद्र सरकार को घेरा था।
इस मामले में एनएचएआइ ने तीन इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई की थी। साथ ही आइआइटी खड़गपुर सहित विशेषज्ञों की टीम एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता की जांच कर रही है। मंगलवार को कानपुर से लखनऊ की ओर बनी के हसनापुर में किलोमीटर 29.84 के पास 10 मीटर सड़क धंस गई।
शनिवार से एक्सप्रेसवे की सड़क की मरम्मत के लिए जो पैचवर्क किया गया था, उसका तारकोल भी मंगलवार को उखड़ने लगा है। एनएचएआइ की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य में आ रही बाधा को देखते हुए कानपुर से लखनऊ की ओर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी।
धंसे हुए हिस्से की बैरिकेडिंग कर सड़क की परत को उखाड़कर नए सिरे से मरम्मत शुरू कर दी गई। इसी तरह कानपुर-लखनऊ की तरफ किलोमीटर संख्या 32.8 से 33.1 के बीच भी कई हिस्सों में तारकोल उखड़ गया है।
यह भी पढ़ें- नैमिषारण्य से मथुरा का सफर होगा आसान, 112 किमी नई रेल लाइन से जुड़ेंगे यूपी के 5 बड़े धाम
किलोमीटर 33.5 पर भी लगभग 150 मीटर के दायरे में तारकोल उखड़ गया है। फतेहपुर के पास किलोमीटर 63.9 पर शनिवार को धंसी सड़क के जिस हिस्से की मरम्मत की गई थी, मंगलवार को वहां का पैचवर्क भी दोबारा उखड़ गया।
