लखनऊ में LDA बनाएगा 1392 सस्ते फ्लैट्स, अनंत नगर योजना की पहली बहुमंजिला हाउसिंग स्कीम का प्रस्ताव तैयार
एलडीए लखनऊ की अनंत नगर योजना में 'अदिति अपार्टमेंट' के तहत 1392 किफायती फ्लैट्स बनाएगा, जिसमें 1BHK और 2BHK श्रेणियां होंगी। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
एलडीए अनंत नगर में बनाएगा 1392 किफायती फ्लैट्स।
'अदिति अपार्टमेंट' में होंगे 1BHK और 2BHK फ्लैट्स।
योजना में आधुनिक सुविधाएं और हरित क्षेत्र शामिल।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। एलडीए अनंत नगर आवासीय योजना में अब अदिति अपार्टमेंट बनाएगा। इसमें वन बीएचके व टू बीएचके श्रेणी के 1392 फ्लैट्स बनेंगे। अनंत नगर योजना की यह पहली बहुमंजिला सोसाइटी होगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इसे अफोर्डेबल यानी किफायती हाउसिंग स्कीम के तहत प्रस्ताव को मंजूरी दिया है। फ्लैटों की कीमत 20 से 35 लाख रुपये तक होने का अनुमान है।
सीतापुर रोड की अनंत नगर योजना के आदर्श खंड में 18411 वर्गमीटर क्षेत्रफल में ग्रुप हाउसिंग भूखंड पर अदिति अपार्टमेंट बनाया जाएगा। परियोजना को विभिन्न आय वर्ग के परिवारों की आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसमें वन बीएचके के 412 फ्लैट होंगे, हर फ्लैट 38.25 वर्गमीटर क्षेत्रफल का होगा। वहीं, टू बीएचके श्रेणी के 980 फ्लैट बनेंगे, प्रत्येक फ्लैट 50.10 वर्गमीटर क्षेत्रफल का होगा। ग्रुप हाउसिंग में बेसमेंट व स्टिल्ट पार्किंग का प्रविधान किया जाएगा, जिसमें 545 चार पहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा भी होगी।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि अदिति अपार्टमेंट में कुल पांच टावर होंगे। वहीं, लगभग 7,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पार्क व ग्रीन बेल्ट विकसित किया जाएगा। अपार्टमेंट को इस तरह डिजाइन किया गया है ताकि अधिकांश फ्लैटों से लोगों को हरित क्षेत्र का दृश्य मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह ग्रुप हाउसिंग पूरी तरह हरियाली से घिरी होगी और यहां रहने वाले लोगों को बेहतर वातावरण का अनुभव होगा।
मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि अपार्टमेंट में वन बीएचके के फ्लैट में दो और टू बीएचके के फ्लैट में तीन बालकनी होंगी। यह परियोजना पूरी तरह आधुनिक शहरी सुविधाओं से लैस होगी। जिसमें हाई स्पीड लिफ्ट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, पावर बैकअप, वाटर ड्रेनेज सिस्टम, कम्युनिटी स्पेस, पेडेस्ट्रियन पाथ-वे आदि सुविधाएं शामिल होंगी। उन्होंने बताया, जल्द ही इस परियोजना के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जाएगा।