मेट्रो स्टेशन पर 53 प्रतिबंधित कारतूसों के साथ पकड़ी गई महिला के बारे में इनपुट जुटा रही इंटेलिजेंस एजेंसिया
लखनऊ के बादशाह नगर मेट्रो स्टेशन पर एक महिला को 53 प्रतिबंधित कारतूसों के साथ पकड़ा गया। महिला, प्रतिभा पाल, कानपुर की निवासी है और अपने मृत पुलिसकर्म ...और पढ़ें

HighLights
बादशाह नगर मेट्रो स्टेशन पर महिला गिरफ्तार हुई।
महिला के बैग से 53 प्रतिबंधित कारतूस बरामद हुए।
एजेंसियां तस्करी और साजिश के एंगल से जांच कर रही हैं।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बादशाह नगर मेट्रो स्टेशन से रविवार को 53 प्रतिबंधित कारतूसों के साथ पकड़ी गई महिला के मामले में इंटेलिजेंस एजेंसियां इनपुट जुटा रही हैं। पूरे प्रकरण में महिला के बेटे की भूमिका सवालों के घेरे में है। महानगर पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।
कानपुर के साढ़ स्थित तिवारी पुर निवासी प्रतीभा पाल अपने बेटे से मिलने आई थी। उनका बेटा अयोध्या रोड की निजी यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग का छात्र है। रविवार को वह बेटे से मिलकर वापस कानपुर जा रही थी। बादशाह नगर मेट्रो स्टेशन पर चेकिंग के दौरान उनके बैग से 53 प्रतिबंधित कारतूस बरामद हुए। इसमें 303 बोर के 35 और नौ एमएम के 18 कारतूस थे। नौ एमएम के नौ और 303 बोर का एक खोखा भी उनके बैग से मिला।
पूछताछ में महिला ने कहा कि उसके पति यशवंत सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में दीवान थे जिनकी बीते वर्ष नवंबर में मौत हो चुकी है। उन्ही का बैग लेकर प्रतीभा जा रही थी। कारतूसों के बारे में जानकारी से उन्होंने इंकार कर दिया। पुलिस ने सोमवार को आरोपित महिला को जेल भेज दिया।
मामला प्रकाश में आने के बाद इंटेलिजेंस एजेंसियों ने भी पूरे मामले से जुड़े इनपुट एकत्रित करने शुरू किए हैं। एजेंसियां तस्करी, साजिश समेत अन्य बिंदुओं पर भी छानबीन कर रही हैं। महानगर इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्रा ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर बेटे से भी पूछताछ की जाएगी।