यूपी में लखनऊ समेत UP के 40 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, तापमान में आएगी गिरावट
राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में गरज-चमक और भारी वर्षा का येलो व ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 17 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलेगी।

HighLights
लखनऊ समेत 40 से अधिक जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट।
17 अगस्त तक बारिश जारी, तापमान में गिरावट संभव।
सीतापुर में सर्वाधिक 124.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सक्रिय मानसून के प्रभाव से शुक्रवार को राजधानी में कई जगह रुक-रुककर बारिश हुई। सुबह से ही बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में हल्की बरसात से लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और भारी वर्षा का येलो व आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 17 अगस्त तक पूरब से पश्चिम तक बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि शुक्रवार को दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम पारा में 25.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा ने मौसम सुहाना कर दिया।
यह भी पढ़ें- लखनऊ : गोमती नगर विस्तार में LDA का चाबुक, 10 बिल्डरों के अवैध निर्माण सील
लगभग 45 जिलों में दिन का पारा सामान्य से नीचे बना रहा। शनिवार को बांदा, चित्रकूट, सोनभद्र, मिर्जापुर, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, महोबा और आसपास के जिलों में भारी बरसात हो सकती है। इसके अलावा कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़ और वाराणसी समेत करीब 40 जिलों में भी तेज हवा के साथ भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। उन्होंने बताया कि 19 अगस्त तक पूर्वी यूपी के साथ मध्य एवं पश्चिमी जिलों में बारिश का दौरा जारी रहेगा।
सीतापुर में सर्वाधिक बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को सर्वाधिक 124.6 मिमी बारिश सीतापुर में दर्ज की गई, जबकि गोरखपुर में 101.8 मिमी, मुरादाबाद में 89.2 मिमी, कन्नौज में 81.8 मिमी, मिर्जापुर में 77 मिमी और लखनऊ में 48.4 मिमी बारिश हुई।

