UP Weather Update: लखनऊ में बदलेगा मौसम, आसपास के जिलों में भी गरज-चमक के साथ होगी बारिश
लखनऊ और आसपास के जिलों में 8 मई को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। ...और पढ़ें
-1778165352132_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, लखनऊ। 8 मई को लखनऊ व आसपास के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है। दिन में धूप और गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है, लेकिन शाम के समय बादल छाने और हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट महसूस की जा सकती है। पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय स्तर पर बन रही मौसमी परिस्थितियों के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबिक 9 और 10 मई को मौसम शुष्क रहने की संभावना है और इस दौरान बारिश की कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि 11 मई के बाद एक बार फिर मौसम सक्रिय हो सकता है। 11, 12 और 13 मई को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से 12 और 13 मई को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। मेघगर्जन के समय खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों और टीन शेड से दूर रहें। बाइक सवारों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
किसानों को भी फसलों और कृषि उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है। तेज गर्मी और अचानक बदलते मौसम के कारण वायरल संक्रमण, डिहाइड्रेशन और एलर्जी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।