Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    युवक ने चलती ट्रेन से बुजुर्ग को फेंका, रातभर 16 KM तक चला सर्च ऑपरेशन; सुबह ट्रैक किनारे मिला शव

    Updated: Tue, 12 May 2026 05:25 PM (IST)

    निगोहां रेलवे स्टेशन के पास एक सिरफिरे युवक ने चलती ट्रेन से एक बुजुर्ग को नीचे फेंक दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। ...और पढ़ें

    सांकेत‍िक तस्‍वीर।

    सांकेत‍िक तस्‍वीर।

    HighLights

    1. चलती ट्रेन से बुजुर्ग को नीचे फेंका गया।

    2. रातभर 16 किलोमीटर लंबा सर्च ऑपरेशन चला।

    3. आरोपी तुषार झा को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

    संवाद सूत्र, निगोहां। ट्रेन में सफर कर रहे एक बुजुर्ग को सिरफिरे युवक ने चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना निगोहां रेलवे स्टेशन के पास सोमवार रात करीब 10 बजे की है। सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने रातभर रेलवे ट्रैक पर करीब 16 किलोमीटर तक सर्च अभियान चलाया। मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक किनारे बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    मृतक की पहचान भदोही जनपद के सुरियावां थाना क्षेत्र स्थित भीखनपुर गांव निवासी रामशिरोमणि बिंद (64) के रूप में हुई। वह अपने साथी रमाकांत के साथ इंटरसिटी ट्रेन से भदोही से लखनऊ आ रहे थे। सफर के दौरान एक सिरफिरे युवक ने पहले उनका बैग ट्रेन से बाहर फेंक दिया और फिर उन्हें भी धक्का देकर नीचे गिरा दिया। घटना के बाद डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई।


    मृतक के बेटे दीपक के मुताबिक, उनके पिता शौचालय गए थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर साथी रमाकांत उन्हें तलाशने निकले। यात्रियों से पूछताछ में पता चला कि एक युवक ने किसी यात्री को ट्रेन से फेंक दिया है। इसके बाद मामले की जानकारी चारबाग स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी को दी गई।


    सूचना मिलते ही जीआरपी और निगोहां पुलिस ने संयुक्त रूप से रेलवे ट्रैक पर तलाश अभियान शुरू किया। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद मंगलवार सुबह करीब पांच बजे नगराम मोड़ रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रैक किनारे शव पड़ा मिला।

    खबरें और भी


    जीआरपी निगोहां चौकी प्रभारी सुशील यादव ने बताया कि आरोपी तुषार झा को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के साथी रमाकांत की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


    रामशिरोमणि बिंद खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में तीन बेटे रामदेव, लालन और दीपक तथा दो बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।