लखनऊ के आसपास जिलों में हादसों वाला सावन का पहला सोमवार, सात श्रृद्धालुओं की मौत और दस से अधिक घायल
हरदोई में कावड़ में जल भरने के लिए नदी में उतरे दो युवक तेज धारा में बह गए। इनकी तलाश जारी है और रायबरेली में ई-रिक्शा पलटने से एक कांवड़ियां की मौत ह ...और पढ़ें

पिकअप पर सवार दो कांवड़ियों कीे मौत, पैदल घर लौट रही युवतियों को कार ने रौंदा
HighLights
सीतापुर, बहराइच व सुल्तानपुर में दो-दो और रायबरेली में एक की मौत
सीतापुर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो कांवड़ियों की मौत, तीन झुलसे
सुल्तानपुर में जलाभिषेक कर पैदल घर लौट रही दो युवतियों को कार ने रौंदा
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। सावन मास का पहला सोमवार लखनऊ के पास के जिलों में कुछ श्रृद्धालुओं के लिए हादसों वाला रहा। सीतापुर, सुल्तानपुर व बहराइच में दो-दो श्रृद्धालुओं की मौत हो गई।
हरदोई में कावड़ में जल भरने के लिए नदी में उतरे दो युवक तेज धारा में बह गए। इनकी तलाश जारी है और रायबरेली में ई-रिक्शा पलटने से एक कांवड़ियां की मौत हो गई और चार चोटिल हो हैं। इन हादसों में नौ घायलों में तीन गंभीर हैं।
सीतापुर में घाघरा नदी के चहलारी घाट जल भरने के लिए जा रहे थानगांव के राजपुर-चहलारी घाट मार्ग पर पिकअप पर सवार दो कांवड़ियों की 11 हजार हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना में करीब छह अन्य झुलस गए हैं। बताया जा रहा है कि थौरा, सीपतपुर, राजपुर आदि गांव के कांवडिये जल भरने जा रहे थे। सुबह आठ बजे राजपुर गांव के बाहर पुल के पास थौरा के पासिनपुरवा के संतोष पिकअप में रखे डीजे म्यूजिक पर खड़े होकर श्रद्धालुओं को माइक से बुला रहे थे।
हाई टेंशन लाइन तार की चपेट में आ गए
सीपतपुर के चालक गुड्डू ने गाड़ी आगे बढ़ा दी और वह हाई टेंशन लाइन तार की चपेट में आ गए। इससे पिकअप में करंट दौड़ने लगा। करंट का झटका लगते ही तीन लोग जल्दी से कूद गए, लेकिन संतोष और गुड्डू की गंभीर रूप से झुलसने से मौत हो गई। झुलसे लोगों को सीएचसी रेउसा में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि तार ढीले थे जोकि लटक रहे थे। मौके पर सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। सीओ का कहना है कि मृतक कांवडिये नहीं थे। चालक और उसके सहयोगी की मौत हुई है।
जलाभिषेक के बाद पैदल घर लौट रही युवतियों को कार ने रौंदा
सुल्तानपुर के बरौंसा में जलाभिषेक कर पैदल घर जा रही युवतियों को बेकाबू तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस कार्रवाई में जुटी है। गोसाईगंज थाने के टांटिया नगर की पार्वती व मनकी सैफुल्लागंज के शिव मंदिर पर जलाभिषेक कर पैदल घर लौट रही थी। लखनऊ-बलिया राजकीय मार्ग पर मोलनागंज के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार दोनों के रौंदते हुए संतराम सोनी के मकान में जा घुसी। दुर्घटना में पार्वती की मौके पर मौत हो गई। मनकी को गंभीर अवस्था मे अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी भी सांस थम गई। कार के टक्कर से संतराम के मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मकान के दीवार को तोड़ते हुए कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। दुर्घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। गोसाईगंज पुलिस कार को कब्जे में लेकर आरोपित चालक की तलाश में जुटी है। थानाध्यक्ष अखण्डदेव मिश्र ने बताया मामले में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
खबरें और भी
बहराइच में बाइक सवार को ट्रक ने रौंदा, मां-बेटी की मौत
बहराइच में जंगलीनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर लौट रहे एक परिवार की खुशियां सोमवार तड़के सड़क हादसे में उजड़ गईं। चौक बाजार में चीनी मिल के पास अज्ञात ट्रक ने पीछे से मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका महिला सुमित्रा सरकार और उनकी पुत्री गहना सरकार हैं।
पलटा शिवभक्तों का ई-रिक्शा, एक की मौत, छह घायल
रायबरेली में शिवगढ़ के तरौंजा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक ई-रिक्शा पलट गया। ई-रिक्शा पर दस शिवभक्त सवार थे। सभी जलाभिषेक कर घर लौट रहे थे। हादसे में रिक्शा सवार सात शिवभक्त घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से एक युवक को लखनऊ व अन्य को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन लखनऊ ले जाते समय युवक की मौत हो गई। ढेकवा गांव के दस युवकों का जत्था रविवार की रात बाराबंकी के हैदरगढ़ में औसानेश्वर शिव मंदिर में जलाभिषेक करने गया था। सोमवार की तड़के करीब तीन बजे सभी शिवभक्त जलाभिषेक कर ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे। तरौंजा मजरे कुंभी के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में किनारे टक्कर मार दी। ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में भोलेंद्र, अंकित, दत्त गंज पिपरी के मोहित, अमन, रौनक, विवेक व मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। ई-रिक्शा सवार तीन अन्य युवक बाल-बाल बच गए। प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
कांवड़ जल भरने गए दो युवक गंगा में डूबे
हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम चौंसार के कुसुमखोर में सोमवार सुबह कांवड़ यात्रा के लिए गंगा जल भरने गए दो युवक गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए, पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश कराई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। चौसार के ऋषि पुत्र छदामी और नारद पुत्र गोविंद सोमवार तड़के कन्नौज के गौरी शंकर मंदिर जाने के बाद कुसुमखोर गंगा घाट पर जल भरने पहुंचे थे। इसी दौरान पानी की गहराई का अंदाजा न लग पाने से दोनों युवक तेज बहाव में बह गए और गहरे पानी में समा गए। सूचना मिलते ही अरवल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और प्रशासन की मौजूदगी में सघन रेस्क्यू अभियान चलाया गया। उप जिलाधिकारी सवायजपुर अंकित तिवारी, नायब तहसीलदार राजेश पटेल, थानाध्यक्ष अरवल अनिल कुमार सिंह और अग्निशमन अधिकारी मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश जारी है।