लखनऊ के निगोहां में रायबरेली के तीन बदमाशों ने नशे में की थी लूट, एक गिरफ्तार
निगोहां में वेयरहाउस कर्मी से लूटपाट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी हरिओम तिवारी को गिरफ्तार किया है। रायबरेली के तीन बदमाशों ने शराब के नशे में इस वा ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सूत्र, निगोहां। लालपुर टावर के पास शराब के नशे में वेयरहाउस कर्मी से रायबरेली निवासी तीन बदमाशों ने लूट की थी। मंगलवार को पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटी गई बाइक और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है। आरोपित के दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।
रायबरेली के सेहगो पश्चिम गांव निवासी अजीत सिंह रविवार तड़के मोहनलालगंज के एक गोदाम से ड्यूटी कर घर जा रहे थे। निगोहां के लालपुर टावर के पास एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें जबरन रोक लिया। मारपीट कर बाइक, मोबाइल फोन और पांच सौ रुपये लूट लिए थे।
पीड़ित ने निगोहां थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस उपायुक्त दक्षिण अमित कुमार आनंद ने बताया कि दो सौ सीसी कैमरों की मदद से आरोपितों को चिन्हित किया गया। मुखबिर से मिली सूचना पर घेराबंदी कर निगोहां- नगराम रोड से एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान रायबरेली के डीह स्थित लोकई का पुरवा निवासी हरिओम तिवारी के रूप में हुई।
हरिओम ने बताया कि रायबरेली के फुरसतगंज निवासी लवकुश यादव और डीह निवासी पंकज तिवारी के साथ वह गुडंबा में किराये पर रहकर पेंटिंग करते थे।
शनिवार को तीनों शराब पीकर रायबरेली जा रहे थे तभी रास्ते में युवक को अकेला देखकर उससे लूट की थी। लूट की बाइक वह अन्य घटनाओं में इस्तेमाल करने वाले थे। निगोहां थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि दो साथियों की तलाश में दबिश जारी है।