विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रक्षाबंधन के बाद लखनऊ से वापसी मुश्किल, ट्रेनों में तत्काल रिग्रेट और दिल्ली का विमान किराया मुंबई से अधिक

Published: Sat, 29 Aug 2026 12:27 PM (IST)

Trains And Flights Full: रक्षाबंधन के बाद वापसी के लिए सबसे अधिक मारामारी रविवार को है।

ट्रेनों में जहां तत्काल रिग्रेट हैं तो दिल्ली का विमान किराया मुंबई से अधिक

ट्रेनों में जहां तत्काल रिग्रेट हैं तो दिल्ली का विमान किराया मुंबई से अधिक

HighLights

  1. रविवार को लखनऊ से वापसी के लिए ट्रेनों में उमड़ेगी सबसे अधिक भीड़

  2. खाली रहने वाली कारपोरेट सेक्टर की ट्रेन तेजस एक्सप्रेस की चेयरकार भी फुल

जागरण संवाददाता, लखनऊ। रक्षाबंधन पर्व के बाद दूसरे शहरों में नौकरीपेशा के साथ शिक्षण संस्थानों के लिए लखनऊ से वापसी मुश्किल और महंगी हो रही है। ट्रेनों में जहां तत्काल रिग्रेट हैं तो दिल्ली का विमान किराया मुंबई से अधिक हो गया है।

नोएडा की निजी यूनिवर्सिटी से बीटेक कर रहे श्रेयस वर्मा रक्षा बंधन पर अपने घर लखनऊ आए थे। रविवार को वापसी के लिए वह तत्काल का टिकट लेने चारबाग रेल आरक्षण केंद्र सुबह पांच बजे पहुंचे। उनको फार्म मिला तो काउंटर पर चौथा नंबर था। सुबह दस बजे तत्काल की बुकिंग शुरू हुई। जब तक उनका नंबर आया, लखनऊ मेल, एसी डबल डेकर में वेटिंग रिग्रेट हो गई।

सबसे अधिक मारामारी रविवार को

रक्षाबंधन के बाद वापसी के लिए सबसे अधिक मारामारी रविवार को है। कारपोरेट सेक्टर की ट्रेन तेजस एक्सप्रेस की चेयरकार में 300 और एग्जिक्युटिव क्लास में 16 सीटें चंद सेकेंड में भर गईं। इसी तरह अयोध्या आनंद विहार वंदे भारत एक्सप्रेस में एसी चेयरकार में 62 और एग्जिक्युटिव क्लास में छह, स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस की एसी चेयरकार में 250 और एग्जिक्युटिव क्लास में 18 सीटें और आनंद विहार डबल डेकर की 60 सीटें देखते ही देखते फुल हो गईं।

लखनऊ-नई दिल्ली एसी एक्सप्रेस

इसी तरह लखनई-नई दिल्ली एसी एक्सप्रेस की 3ई क्लास की 72, एसी थर्ड की 198 और एसी सेकेंड की 70 सीटों को भरने में अधिक समय नहीं लगा। एसी सेकेंड और एसी थर्ड की तत्काल की स्थिति भी रिग्रेट हो गई। लखनऊ मेल की स्लीपर क्लास की 96, एसी थर्ड इकॉनमी की 24, एसी थर्ड की 33 और एसी सेकेंड की 24 सीट, गोमती एक्सप्रेस की सेकेंड सीटिंग क्लास की 360, चेयरकार की 46 और एसी सेकेंड की छह सीट भर गईं।

सीटें भी बहुत जल्दी भर गईं

इसके अलावा अयोध्या दिल्ली एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस, गोरखधाम एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों की सीटें भी बहुत जल्दी भर गईं। लौकहा बाजार आनंद विहार स्पेशल की एसी थर्ड श्रेणी में स्थिति रिग्रेट हो गई, शेष क्लास में भी वेटिंग रही।

सातवें आसमान पर विमान का किराया

लखनऊ से अन्य शहरों के लिए विमान का किराया भी सातवें आसमान पर पहुंच गया। दिल्ली का विमान किराया मुंबई से अधिक हो गया। अब भी करीब तीन हजार यात्री वेटिंग में हैं। ट्रेनों में अधिक भीड़ का असर विमान सेक्टर में भी दिखाई दिया। रविवार को दिल्ली का विमान किराया सबसे अधिक हो गया है।

इंडिगो एयरलाइन के विमान 6ई 2243 का लखनऊ से दिल्ली का किराया 16,143 रुपये तक पहुंच गया है। एअर इंडिया के विमान एआई 1821 का किराया 13,608 रूपये,6ई 2111 का किराया 11,769 रुपये हो गया है। मुंबई का अकासा एयरलाइन क्यूपी 1130 का किराया 13,769 रूपये है, जो कि दिल्ली से सस्ता है।

यह भी पढ़ें- चित्रकूट धाम जाने वाली यात्रियों के लिए खुशखबरी, सेंट्रल पर 8 सितंबर से मिलेगी 24 कोच की चित्रकूट इंटरसिटी

यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन के बाद दिल्ली लौटने वालों को रेलवे ने दी राहत, चलेगी स्पेशल ट्रेन, चेक करें रुट और टाइम टेबल