रालोद ने मिशन-2027 के लिए कसी कमर, केसी त्यागी को मिली संसदीय बोर्ड की कमान
रालोद अध्यक्ष जयन्त चौधरी ने मिशन-2027 के लिए पूर्व राज्यसभा सदस्य केसी त्यागी को संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया है। ...और पढ़ें

HighLights
केसी त्यागी बने रालोद संसदीय बोर्ड के नए अध्यक्ष।
मिशन-2027 के लिए रालोद ने कसी अपनी कमर।
पड़ोसी राज्यों तक विस्तार का दिया गया संदेश।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। एनडीए का सहयोगी दल रालोद मिशन-2027 के लिए समीकरणों को कसने में जुटा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जयन्त चौधरी ने संसदीय बोर्ड की कमान पूर्व राज्यसभा सदस्य केसी त्यागी को देकर न सिर्फ उनका कद बढ़ाया, बल्कि राजस्थान के विधायक सुभाष गर्ग, हरियाणा के मेजर जनरल विशंभर दयाल एवं दिल्ली के किसान नेता युद्धवीर को शामिल कर पड़ोसी राज्यों तक विस्तार का संदेश दिया है।
बोर्ड के 15 सदस्यों में से 11 पूर्व या वर्तमान जनप्रतिनिधि हैं। वहीं, राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी एवं उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष रामाशीष राय को इस टीम का हिस्सा नहीं बनाया गया है।
जदयू छोड़कर रालोद में शामिल हुए केसी त्यागी को बड़ा ओहदा देकर जयन्त ने साफ किया कि चौधरी चरण सिंह की नर्सरी से निकले लोगों का विशेष सम्मान रहेगा।
पूर्व सांसद तारीफ सिंह, मुंशी राम, मलूक नागर एवं बागपत के सांसद राजकुमार सांगवान, पूर्व मंत्री अशोक यादव, विधायक राजपाल बालियान, राजस्थान में पूर्व विधायक अब्दुल सगीर खान, एमएलसी योगेश चौधरी के अलावा बड़ौत की चेयरमैन बबीता तोमर, मुजफ्फरनगर की रमा नागर, राष्ट्रीय महासचिव अनिल दूबे व आगरा के डा. यशपाल बघेल को भी टीम में जगह दी गई है। विशेष आमंत्रित सदस्यों में दिल्ली के किसान नेता युद्धवीर सिंह, राजस्थान के विजय पूनिया एवं यूपी के सुखबीर गठीना और चंद्रबली यादव शामिल हैं।