'अवैध बताकर कार्रवाई करना ठीक नहीं'; सहारनपुर में मस्जिद ढहाए जाने पर मायावती ने दी प्रतिक्रिया
सहारनपुर कलेक्ट्रेट में जिला अदालत के आदेश पर एक मस्जिद को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया ...और पढ़ें

बसपा सुप्रीमो मायावती
HighLights
सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद अदालत के आदेश पर पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्त।
बसपा प्रमुख मायावती ने कार्रवाई को गलत ठहराया, सरकार पर सवाल उठाए।
कैराना सांसद इकरा हसन को उनके घर पर पुलिस ने नजरबंद किया।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सहारनपुर कलेक्ट्रेट में बनी मस्जिद को भारी संख्या में तैनात पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई जिला अदालत के फैसले के बाद की गई है। वहीं कैराना की सांसद इकरा हसन को उनके घर पर पुलिस ने नजरबंद कर दिया है।
इस घटनाक्रम पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, '1. ज़िला सहारनपुर की मस्जिद सहित पूरे उत्तर प्रदेश में आए दिन मस्जिदों को काफी आपाधापी में अवैध बताकर उनको ध्वस्त करने का जो सरकारी अभियान चल रहा है वह ठीक नहीं है तथा सरकार को ऐसे निगेटिव हालात से बचने के लिये इस पर तुरन्त रोक लगाकर इसके समाधान के अन्य उपाय ज़रूर करने चाहिये।
2. वैसे भी एक संवैधानिक सेक्युलर सरकार द्वारा सभी धर्मों के मानने वालों एवं उनके धार्मिक स्थलों आदि का एक समान आदर-सम्मान व उनकी सुरक्षा करने का उत्तरदायित्व बनता है। इस्लाम मज़हब में मस्जिदें हर दिन इबादत बल्कि दिन में कई बार जमात के साथ नमाज़ पढ़ने का मुख्य व अभिन्न अंग हैं, जिसको ध्यान में रखकर व भारतीय परम्परा के अनुसार सम्मान देना देश व व्यापक जनहित में ज़रूरी है।
3. इसके साथ ही, बिना नियम-क़ानून का समुचित अनुपालन किये हुये किसी भी अभियुक्त का मकान ध्वस्त करके उसके पूरे परिवार को सामूहिक तौर पर सज़ा देकर बेघर बार कर देने की कार्रवाईयों से भी लोग काफी विचलित हैं। ऐसे में बी.एस.पी सरकार की तरह का ’क़ानून द्वारा क़ानून का राज’ का व्यवहार ज़रूरी है।
4. अतः केवल सरकार ही नहीं बल्कि माननीय न्यायालय भी इस ओर समुचित ध्यान दें तो यह उचित होगा। लेकिन ऐसे हालात में सभी लोग सौहार्दपूर्ण वातावरण भी ज़रूर बना कर रखें, पार्टी की यह भी अपील है।'
बता दें कि, अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए शहर में जगह-जगह भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
क्या था मामला
मस्जिद को अवैध बताते हुए बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने मार्च -2025 में शिकायत की थी कि कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद अवैध है। परिसर का व्यावसायिक उपयोग भी हो रहा है जो कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा के लिए खतरा है।
यह मामला सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट में डेढ़ वर्ष से चला आ रहा था। जुलाई में कोर्ट ने मस्जिद को अवैध माना था। इसके बाद जिला जज न्यायालय ने भी तीन दिन पहले दिए आदेश में सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश को सही माना था।
