विधानसभा चुनाव 2027 में दिखेगा SIR UP Final Voter List का असर, अब होगा रिकार्ड मतदान
SIR UP Final Voter List: उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाताओं की संख्या में 84 लाख से अधिक की वृद्धि हुई और ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव
HighLights
लोकसभा चुनाव 2024 और विधानसभा चुनाव 2022 में नहीं बढ़ा था अपेक्षित मतदान प्रतिशत
एसआईआर के बाद असम, केरलम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में रिकार्ड मतदान
धर्मेन्द्र पाण्डेय, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बीते सप्ताह सम्पन्न निर्वाचन आयोग मतदाता सूची को दुरुस्त करने को लेकर चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दूरगामी परिणाम होंगे।
इसका असर उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में ही देखने को मिलना तय है। प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 और विधानसभा चुनाव 2022 में उत्तर प्रदेश निर्वाचन आयोग के बड़े अभियान के बाद भले ही मतदान प्रतिशत न बढ़ा हो, लेकिन 2027 में यह बढ़ेगा।
एसआईआर के बाद असम, केरलम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में रिकार्ड मतदान हुआ है। अब बारी देश के सर्वाधिक जनसंख्या वाले राज्य उत्तर प्रदेश की है। असम में 85.64 प्रतिशत, पुडुचेरी में 89.87 प्रतिशत और केरल में 78.27 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है।
यह पिछले सभी विधानसभा चुनावों से अधिक हैं। इन राज्यों में बढ़े मतदान प्रतिशत के पीछे मतदाता सूची की शुद्धता को लेकर चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को मुख्य वजह माना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में एसआईआर के बाद मतदाता सूची में बड़ा बदलाव हुआ है। यहां पर कुल वोटर संख्या 15.44 करोड़ से घटकर 13.39 करोड़ हो गई है। फाइनल वोटर लिस्ट से डुप्लीकेट, मृत और शिफ्ट हुए नाम हटाए गए। माना जा रहा है अब इस मतदाता सूची की मदद से विधानसभा चुनाव 2027 में मतदान 70% तक पहुंच जाएगा।
एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उत्तर प्रदेश में 2,04,45,300 वोटर कम हो गए हैं। पहले इनको भी कुल मतदान प्रतिशत में जोड़ा जाता था, जिसके कारण कुल मतदान के प्रतिशत में बढ़ोतरी नहीं हो पाती थी। अब वास्तविक वोटरों की संख्या के अनुसार मतदान का प्रतिशत निकाला जाएगा।
खबरें और भी
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को जारी की गई फाइनल वोटर लिस्ट के अनुसार प्रदेश में अब 13 करोड़ 39 लाख 44 हजार 792 मतदाता हैं। इससे पहले छह जनवरी को जारी की गई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 12.55 करोड़ मतदाताओं का नाम था। छह मार्च तक दावे और आपत्तियां दर्ज करने का समय दिया गया और इसके बाद दस अप्रैल को फाइनल वोटर लिस्ट जारी की गई है।
फाइनल वोटर लिस्ट में पुरुष वोटरों की संख्या 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 और महिला मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 हैं। पुरुष वोटरों की संख्या जहां 54.54 प्रतिशत है वहीं महिलाओं की संख्या 45.46 प्रतिशत है। एसआईआर प्रक्रिया के बाद 84 लाख मतदाताओं के नाम बढ़े हैं।
उत्तर प्रदेश में इससे पहले के चुनावों में मतदान प्रतिशत कम रहने के पीछे एक बड़ा कारण मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर मौजूद मृत व स्थानांतरित व दोहरे मतदाता थे। इस बार ऐसे सारे नाम एसआइआर या पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से हटा दिए गए। अन्य राज्यों में जहां मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण हुआ था, वहीं असम में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण (एसआर) हुआ था।
यह भी पढ़ें- UP SIR की फाइनल वोटर लिस्ट जारी, दो करोड़ से ज्यादा वोटर्स के नाम कटे; ऐसे चेक करें अपना नाम
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2024 में हुए लोकसभा के चुनाव में सात चरण में 19 अप्रैल से एक जून तक 56.92 प्रतिशत मतदान हुआ था।
यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में SIR के बाद दो करोड़ से अधिक वोटर के नाम कटने की जांच करेगी कांग्रेस
इससे पहले वर्ष 2022 में दस फरवरी से सात मार्च के बीच आठ चरणों में सम्पन्न उत्तर प्रदेश के विधानसभा के चुनाव में 60.08 प्रतिशत मतदान हुआ था, जिसके वर्ष 2027 में बढ़ने की उम्मीद है।