विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 12, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Holi 2025: होली पर यूपी के इन 25 जिलों पर खास नजर, चप्पे-चप्पे पर पुलिस; पूरे प्रदेश में अलर्ट

Published: Wed, 12 Mar 2025 09:36 PM (IST)

होली पर शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यूपी पुलिस अलर्ट मोड पर है। डीजीपी प्रशांत कुमार ने शरारती तत्वों पर ...और पढ़ें

होली पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस - प्रतीकात्मक तस्वीर।
होली पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस - प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. संवेदनशील जिलों में तैनात की गई 60 कंपनी अतिरिक्त पीएसी
  2. डीजीपी ने कहा, कहीं किसी नई परंपरा की न दी जाए अनुमति

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। होली के अवसर पर शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। प्रदेश में अलर्ट कर शरारती तत्वों पर लगातार कड़ी नजर रखे जाने का निर्देश दिया गया है। डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहीं भी कोई नई परंपरा शुरू किए जाने की कतई अनुमति न दिए जाने के साथ ही इंटरनेट मीडिया की निरंतर सघन निगरानी का कड़ा निर्देश दिया है।

मिलीजुली आबादी वाले क्षेत्रों में स्थित होलिका दहन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिसबल तैनात किए जाने को कहा गया है। डीजीपी मुख्यालय स्तर से संवेदनशील जिलों में 60 कंपनी अतिरिक्त पीएसी भी मुस्तैद की गई है। काशी, मथुरा, अयोध्या व अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त सुनिश्चित कराए जा रहे हैं। होली के जुलूस मार्गों पर ड्रोन कैमरों की मदद से नजर रखी जाएगी।

होली और जुमे की नमाज एक ही दिन

होली के दिन ही इस बार जुमे की नमाज भी होगी। इसके दृष्टिगत सुरक्षा प्रबंधों को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। खासकर हर जिले में गड़बड़ी करने वाले तत्वों पर नजर रखने को निर्देश दिया गया है। सुरक्षा प्रबंधों की दोहरी चुनौती से निपटने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में भ्रमणशील रहने के साथ ही बाजारों में पैदल गश्त कराए जाने का निर्देश भी दिया गया है।

डीजीपी मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों को हर छोटी सूचना को भी पूरी गंभीरता से लेकर संबंधित जिले के अधिकारियों से संपर्क पर त्वरित जांच व कार्रवाई सुनिश्चित कराने का निर्देश भी दिया गया है। यूपी 112 के वाहनों को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रखा जाएगा।

25 जिलों में अधिक सतर्कता

लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, मेरठ, बरेली, अलीगढ़, शाहजहांपुर, सहारनपुर, मुरादाबाद, संभल, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली, वाराणसी, प्रयागराज समेत 25 जिलों में अधिक सतर्कता बरती जा रही है। जोन व रेंज स्तर से भी संवेदनशील जिलों में पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर मुस्तैद किया गया है। कहीं भी माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों से पूरी सख्ती से निपटे जाने का निर्देश भी दिया गया है।

ये भी पढे़ं - 

अयोध्या में फिर दिखी गंगा-जमुनी तहजीब, मुस्लिमों ने होली पर बदला जुमे की नमाज का समय; अब ये रहेगी टाइमिंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।