एक साल के इंतजार के बाद 15 सितंबर से शुरू होंगी आयुर्वेदिक और यूनानी परीक्षाएं, शेड्यूल जारी
आयुर्वेदिक और यूनानी फार्मेसिस्ट व उपचारिका प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की वार्षिक परीक्षाएं एक सत्र के विलंब के बाद 15 से 19 सितंबर तक आयोजित होंगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
आयुर्वेदिक, यूनानी फार्मेसिस्ट व उपचारिका परीक्षाएं 15-19 सितंबर तक।
एक शैक्षणिक सत्र के विलंब के बाद जारी हुआ परीक्षा कार्यक्रम।
प्रथम वर्ष की सुबह, अंतिम वर्ष की परीक्षा दोपहर में होगी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। एक शैक्षणिक सत्र पिछड़ रही आयुर्वेदिक और यूनानी फार्मेसिस्ट व उपचारिका प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
प्रथम और अंतिम वर्ष की लिखित परीक्षाएं 15 से 19 सितंबर तक कराई जाएंगी। प्रथम वर्ष की परीक्षा सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक, जबकि अंतिम वर्ष की परीक्षा दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगी। इन पाठ्यक्रमों की परीक्षा सितंबर 2025 में होनी चाहिए थी लेकिन आयुर्वेदिक तथा यूनानी तिब्बी चिकित्सा पद्धति बोर्ड नहीं होने के चलते परीक्षा पिछड़ गयी।
उत्तर प्रदेश आयुर्वेदिक तथा यूनानी तिब्बी चिकित्सा पद्धति बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक अखिलेश वर्मा के अनुसार, 15 सितंबर को प्रथम वर्ष के आयुर्वेदिक फार्मेसिस्ट की आयुर्वेद परिचय एवं स्वस्थ वृत्त, आयुर्वेदिक उपचारिका की सामान्य विज्ञान, यूनानी फार्मेसिस्ट की तारीफे तिब्ब व हिफजाने सेहत तथा यूनानी उपचारिका की तशरीहुल बदन (एनाटामी) की परीक्षा होगी।
16 सितंबर को शरीर रचना एवं क्रिया विज्ञान, शरीर, तशरीह मुनाफुल आजा (एनाटामी एंड फिजियोलाजी) तथा मुनाफेजुल आजा (फिजियोलाजी) विषयों की परीक्षा निर्धारित है। 17 सितंबर को द्रव्यगुण एवं द्रव्य परिचय, स्वस्थ वृत्त, खवासे अदविया व शिनाख्ते अदविया तथा नर्सिंग के बुनियादी उसूल की परीक्षा होगी। 18 सितंबर को आयुर्वेदिक उपचारिका की जीवाणु परिचय और 19 सितंबर को सामान्य परिचर्या की परीक्षा कराई जाएगी।
अंतिम वर्ष की लिखित परीक्षाएं भी 15 से 19 सितंबर तक होंगी। ये परीक्षाएं दूसरी पाली में दोपहर दो से शाम पांच बजे के बीच आयोजित की जाएंगी।
15 सितंबर को रसशास्त्र एवं भैषज्य कल्पना, आयुर्वेदिक उपचारिका की द्रव्य विज्ञान एवं भैषज्य कल्पना, यूनानी फार्मेसिस्ट की इल्मुल सैदलिया व इल्मुल कीमिया तथा यूनानी उपचारिका की इल्मुल-अदबिया की परीक्षा होगी। इन पाठ्यक्रमों की परीक्षा सितंबर 2025 में होनी चाहिए थी।
