Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी कैबिनेट ने खोला पिटारा, वाराणसी में ESIC मेडिकल कॉलेज, इन दो जिलों को भी बड़े अस्पताल की सौगात

    Updated: Mon, 06 Jul 2026 04:14 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने वाराणसी में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज और मुरादाबाद व गोरखपुर में 100-100 बेड के अस्पताल स्थापित करने को मंजूरी दी है। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. वाराणसी में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज स्थापित होगा।

    2. मुरादाबाद और गोरखपुर में 100 बेड के अस्पताल।

    3. लाखों श्रमिकों और परिवारों को मिलेगा बेहतर इलाज।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआइसी) की स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा और बढ़ने जा रहा है। वाराणसी में ईएसआइसी मेडिकल कॉलेज व मुरादाबाद और गोरखपुर में 100-100 बेड के अस्पताल स्थापित करने के लिए भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पर सहमति मिल गई है।

    इन परियोजनाओं का निर्माण भारत सरकार कराएगी। इन संस्थानों से लाखों बीमित श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर इलाज मिलेगा, जबकि बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

    निश्शुल्क आवंटित की जाएगी जमीन

    योगी कैबिनेट की बैठक के बाद श्रम मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि वाराणसी के पिंडरा तहसील स्थित ग्राम पिंडरा में कुल 17.563 हेक्टेयर भूमि में से 13 एकड़ जमीन ईएसआइसी मेडिकल कॉलेज के शिक्षण संकाय के लिए कर्मचारी राज्य बीमा निगम को निश्शुल्क आवंटित की जाएगी।

    वाराणसी में राज्य बीमा निगम का अस्पताल पहले से चल रहा था, इसे विस्तार देकर मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज की स्थापना पर करीब 800 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

    यहां एमबीबीएस की अधिकांश सीटें उत्तर प्रदेश के छात्रों के लिए उपलब्ध रहेंगी, जबकि बीमित कर्मचारियों के बच्चों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का भी प्रविधान होगा।

    भविष्य में नर्सिंग और पैरामेडिकल पाठ्यक्रम भी शुरू किए जा सकेंगे। इससे वाराणसी और आसपास के जिलों के 1.45 लाख ईएसआइ कार्डधारक श्रमिकों व उनके करीब 5.50 लाख आश्रितों को बेहतर चिकित्सा और चिकित्सा शिक्षा का लाभ मिलेगा।

    मुरादाबाद और गाेरखपुर में 100 बेड का ईएसआइसी अस्पताल 

    मुरादाबाद में 100 बेड के ईएसआइसी अस्पताल के लिए हरथला गांव में 9.984 हेक्टेयर सरकारी भूमि में से 2.025 हेक्टेयर जमीन निश्शुल्क आवंटित किया जाएगा। इस अस्पताल से जिले के 93,591 बीमित श्रमिकों और उनके 3.55 लाख से अधिक आश्रितों को उपचार मिल सकेगा।

    गोरखपुर में गीडा सेक्टर-9 के संस्थागत क्षेत्र में 5.249 एकड़ भूमि पर 100 बेड का ईएसआइसी अस्पताल स्थापित किया जाएगा। इसके लिए भूमि बाजार दर 8,720 रुपये प्रति वर्गमीटर के बजाय रियायती दर 2,000 रुपये प्रति वर्गमीटर पर उपलब्ध कराया जाएगा।

    खबरें और भी

    अस्पताल शुरू होने से पूर्वांचल के बीमित श्रमिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने के साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

    यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर के 'जलालाबाद' का नाम बदलकर 'परशुरामपुरी' होगा, योगी कैबिनेट की बैठक में मिल सकती है मंजूरी

    यह भी पढ़ें- कानपुर, गाजियाबाद और फतेहपुर में खुलेंगे नए विश्वविद्यालय, योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला