यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 17, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गृहमंत्री अमित शाह से मिले उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पार्टी संगठन व मंत्रिमंडल में जल्द फेरबदल की भी चर्चा
उत्तर प्रदेश में संभावित राजनीतिक फेरबदल की अटकलों के बीच उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात में प्रदेश के विक ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा संगठन व योगी मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं के बीच गुरुवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की। ब्रजेश पाठक ने मुलाकात के बाद इंटरनेट मीडिया एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा...''करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत, हमारे पथ प्रदर्शक देश के यशस्वी गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से आज दिल्ली में स्नेहिल भेंटकर प्रदेश की समृद्धि एवं विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर कुशल मार्गदर्शन प्राप्त किया। अपना बहुमूल्य समय एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए आपका हृदय की अनंत गहराइयों से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता हूं।''
इससे पहले आठ जुलाई को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी अमित शाह से मुलाकात कर चुके हैं। सूत्रों के अनुसार ब्रजेश पाठक की यह मुलाकात इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रदेश में अभी भाजपा संगठन व मंत्रिमंडल में फेरबदल होना है। प्रदेश अध्यक्ष तय होने के बाद योगी मंत्रिमंडल में फेरबदल होना है। अभी सरकार में 54 मंत्री हैं, जबकि अधिकतम 60 मंत्री हो सकते हैं।
ऐसे में मंत्रिमंडल में छह पद रिक्त हैं। कुछ मंत्रियों को सरकार से संगठन में भी लाया जा सकता है, जबकि कुछ मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। भाजपा क्षेत्रीय व सामाजिक संतुलन साधने के लिए कुछ नए मंत्री बनाएगी। ऐसे में इन विषयों पर भी दोनों के बीच चर्चा होने की बात कही जा रही है।
यह भी पढ़ें- शामली से शुरू होगा अखिलेश का सियासी खेल, 2027 के लिए बिछाई बिसात; सपा अध्यक्ष की दस्तक से सियासी तूफान