UP के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने रखी एक शर्त, राहुल गांधी अगर हिंदी का एक प्रचलित शब्द लिख दें तो नहीं कहेंगे पप्पू
AK Sharma on Rahul Gandhi:मंत्री एके शर्मा ने कहा कि इंडिया बायो एनर्जी एंड टेक एक्सपो 2026 ऐसे समय में एक प्रासंगिक मंच है, जब भारत ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा-------कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी
HighLights
एके शर्मा ने ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में किया इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो 2026 का शुभारंभ
इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो 2026 को बताया बेहद प्रासंगिक मंच
शर्मा बोले-किसानों की बात करने वाले राहुल गांधी नहीं बता पाएंगे गन्ना व मकई में अंतर
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी के सामने एक शर्त रखी है। एके शर्मा ने ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में इंडिया बायो एनर्जी एंड टेक एक्सपो 2026 के शुभारंभ के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सामने एक शर्त रखी।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एके शर्मा ने इंडिया बायो एनर्जी एंड टेक एक्सपो 2026 के शुभारंभ के दौरान वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया। 13 अगस्त तक चलने वाले इस एक्सपो में उन्होंने कहा कि रायबरेली से सांसद राहुल गांधी इन दिनों उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों से लगातार बात कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अगर हिंदी भाषा में विश्वविद्यालय लिख दें तो वह उनको पप्पू कहना छोड़ देंगे। एके शर्मा ने कहा कि मित्रों, अगर कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी अगर विश्वविद्यालय शब्द हिंदी में लिख दें तो मैं उन्हें पप्पू कहना बंद कर दूंगा।
गन्ने और मकई के पौधे में अंतर नहीं बता पाएंगे सांसद राहुल
उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि किसानों के हित के लिए बड़ी-बड़ी बात करने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आप खेत में लेकर जाइए और अगर वह गन्ने और मकई के पौधे में अंतर बता दें तो आप जो कहेंगे, मैं वह कर दूंगा। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी अगर विश्वविद्यालय शब्द हिंदी भाषा में लिख दें तो मैं उन्हें पप्पू कहना बंद कर दूंगा।
शर्मा ने कहा कि इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (IFGE) व उत्तर प्रदेश न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (UPNEDA)की अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी और कॉन्फ्रेंस बायोएनर्जी समाधानों को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य भारत के बायोएनर्जी सेक्टर की वृद्धि को तेज करना और ऊर्जा बदलाव में स्वच्छ ईंधन की भूमिका को मजबूत करना है।
मंत्री एके शर्मा ने कहा कि इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो 2026 ऐसे समय में एक प्रासंगिक मंच है, जब भारत ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश एक प्रमुख बायो एनर्जी हब के रूप में उभरा है, जो कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) उत्पादन में पहले, सौर ऊर्जा में दूसरे और सोलर पैनल लगाने की गति में पहले स्थान पर है।

