विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में पर्यटन स्थलों के रेट में बदलाव करेगा वन विभाग, टूरिज्म से आय बढ़ाने के लिए तैयार किया तगड़ा प्लान

Updated: Tue, 18 Aug 2026 08:04 PM (IST)

उत्तर प्रदेश वन निगम अब जंगलों के प्रबंधन और ईको-टूरिज्म से आय बढ़ाने के नए रास्ते तलाशेगा। इसके लिए वन प्रमाणीकरण, रिवर ट्रेनिंग और ईको पर्यटन स्थलों की दरों के पुनर्निर्धारण पर जोर दिया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. वन निगम आय बढ़ाने के नए रास्ते तलाशेगा।

  2. वन प्रमाणीकरण और रिवर ट्रेनिंग पर जोर दिया गया।

  3. ईको पर्यटन स्थलों की दरें पुनर्निर्धारित होंगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। जंगलों के प्रबंधन से लेकर ईको टूरिज्म तक में उत्तर प्रदेश वन निगम अब आय बढ़ाने के नए रास्ते तलाशेगा। वन निगम की मंगलवार को हुई बैठक में वन प्रमाणीकरण जल्द हासिल करने, रिवर ट्रेनिंग के काम को गति देने और ईको पर्यटन स्थलों को विकसित कर उनकी दरों के पुनर्निर्धारण पर जोर दिया गया। वन मंत्री डा. अरुण कुमार सक्सेना ने निगम को नए आयामों पर काम कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के निर्देश दिए।

वन निगम सभाकक्ष में हुई बैठक की अध्यक्षता वन निगम के अध्यक्ष डा. अरुण कुमार सक्सेना ने की। इसमें निगम की कार्यप्रणाली, आय बढ़ाने और नए क्षेत्रों में संभावनाएं तलाशने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में वन प्रमाणीकरण का प्रमाण पत्र जल्द हासिल करने पर जोर दिया गया। इसके तहत वनों के प्रबंधन की गुणवत्ता का पर्यावरण, सामाजिक और आर्थिक पैमाने पर मूल्यांकन किया जाता है।

रिवर ट्रेनिंग से जुड़े प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई के आदेश

निगम में नियमित कार्मिकों की भर्ती होने तक प्रतिनियुक्ति और आउटसोर्सिंग के माध्यम से कर्मचारियों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा रिवर ट्रेनिंग से जुड़े प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई आगे बढ़ाने को कहा गया।

बैठक में उत्तर प्रदेश ईकोटूरिज्म सोसाइटी के माध्यम से संचालित ईको पर्यटन स्थलों के विकास पर भी चर्चा हुई। इन स्थलों से संबंधित शुल्क की समीक्षा कर दरों का पुनर्निर्धारण करने पर बल दिया गया, ताकि पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ निगम की आय में भी वृद्धि की जा सके।

यह भी पढ़ें- यूपी में युवाओं की पसंद बनेंगे खादी उत्पाद, डिजाइन से लेकर पैकैजिंग में होगा बड़ा बदलाव

मंत्री ने अधिकारियों को वन निगम के कामकाज में नए आयाम जोड़ने और आय के अतिरिक्त स्रोत तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निगम को नई संभावनाओं पर काम करते हुए ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए। बैठक में प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी, वन निगम के प्रबंध निदेशक अरविंद कुमार सिंह, निगम के सदस्य और शासन एवं निगम के अधिकारी मौजूद थे।