यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूपी सरकार ने पूरी कर ली तैयारी, एक अक्टूबर से शुरू होगी धान की खरीद; जानिए न्यूनतम समर्थन मूल्य
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 अक्टूबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 नवंबर से धान खरीद शुरू होगी। किसानों का पंजीकरण 1 सितंबर से शुरू हो गया है और 20 दिनों ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सरकार ने धान की खरीद के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक अक्टूबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक नवंबर से धान खरीद शुरू होगी। धान खरीद के लिए एक सितंबर से किसानों का पंजीकरण शुरू हो गया है। केवल 20 दिन में ही प्रदेश में लगभग 18 हजार किसानों ने पंजीकरण करा लिया है। सरकार ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 रुपये व ग्रेड ए के धान का समर्थन मूल्य 2320 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया है।
वहीं, लखनऊ संभाग के जिलों में अलग-अलग तिथियों में धान खरीद होगी। प्रदेश के सभी जिलों में किसानों से धान बिक्री के लिए 3411 क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं। कृषि विभाग के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए धान से आच्छादित क्षेत्रफल 61.24 लाख हेक्टेयर है। इस वर्ष धान का उत्पादन 265.54 लाख मीट्रिक टन अनुमानित है।
धान का औसत उत्पादन लगभग 43.36 कुंतल प्रति हेक्टेयर अनुमानित है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में एक अक्टूबर से 31 जनवरी 2025 तक धान खरीद होगी। इसमें मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली,आगरा, अलीगढ़, झांसी संभाग शामिल हैं।
वहीं, लखनऊ संभाग के हरदोई, लखीमपुर खीरी, सीतापुर जिलों में भी धान खरीद इसी अवधि में की जाएगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में एक नवंबर से 28 फरवरी 2025 तक धान खरीद होगी। इसमें गोरखपुर, चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज व मीरजापुर संभाग शामिल हैं। इस अवधि में लखनऊ संभाग के लखनऊ, रायबरेली व उन्नाव जिलों में किसानों से धान खरीद होगी।