उत्तर प्रदेश सरकार शीघ्र लाएगी नई यूथ पॉलिसी, विधान भवन प्रांगण से सीएम योगी आदित्यनाथ ने की घोषणा
UP New Youth Policy: भविष्य के क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश ने तेजी से कार्यों को आगे बढ़ाया है। इसके माध्यम ...और पढ़ें
HighLights
80वें स्वतंत्रता दिवस पर लखनऊ में विधान भवन प्रांगण के सामने सांस्कृतिक कार्यक्रम
देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान से गूंजा समारोह स्थल
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर युवाओं के लिए बड़ी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश विधान भवन के प्रांगण से प्रदेश के युवाओं के लिए नई यूथ पॉलिसी लाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज यह घोषणा करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता की अनुभूति हो रही है कि उत्तर प्रदेश सरकार बहुत शीघ्र नई Youth Policy लेकर आ रही है। इसके माध्यम से युवाओं के Skill, Innovation और Employment को Integrated Approach के साथ और अधिक सशक्त बनाने में हमें सफलता मिलेगी। यह नीति प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा को नए अवसरों से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
उन्होंने कहा कि Gen-Z और Gen-Alpha के लिए AI, मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर, स्टार्टअप इकोसिस्टम, डेटा सेंटर, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एग्रीटेक, फिनटेक, डीप टेक और मेडटेक जैसे भविष्य के क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश ने तेजी से कार्यों को आगे बढ़ाया है। इसके माध्यम से निवेश, नवाचार और रोजगार के नए-नए द्वार खुल रहे हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हमारी युवा शक्ति है। हमारा युवा प्रतिभावान, परिश्रमी और देश व समाज के लिए कुछ कर गुजरने की इच्छाशक्ति से भरपूर है। स्वाधीनता दिवस के इस अवसर पर मैं प्रदेश के युवाओं से कहना चाहता हूं कि आपकी प्रतिभा में ही उत्तर प्रदेश की शक्ति निहित है।
हम एक ऐसा उत्तर प्रदेश बना रहे हैं, जहां समृद्ध विरासत के साथ भविष्य की तकनीक भी होगी; सांस्कृतिक गौरव के साथ आधुनिकता की गति भी दिखाई देगी। परंपराओं की जड़ें और अधिक मजबूत होंगी और विकास के पंख नई ऊंचाइयों को छूते हुए दिखाई देंगे। आज जब विश्व पटल पर भारत एक नई शक्ति के रूप में ऊर्जा, आत्मविश्वास और संकल्प के साथ अपनी पहचान सुदृढ़ कर रहा है, तब उत्तर प्रदेश भी अपनी विरासत और विकास के बेहतरीन समन्वय के माध्यम से अपनी यात्रा को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने ‘उपद्रव प्रदेश’ की छवि से निकलकर ‘उत्सव प्रदेश’ के रूप में अपनी नई पहचान बनाई है। विगत नौ वर्षों में प्रदेश ने अपने बजट, अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और महिला कार्यबल की भागीदारी को लगभग तीन गुना बढ़ाने में सफलता प्राप्त की है। उत्तर प्रदेश ने असमानता, पिछड़ेपन, गरीबी और अशिक्षा को दूर करने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। आज इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम हम सभी के सामने हैं। उत्तर प्रदेश आज केवल बदल नहीं रहा, बल्कि देश के विकास और परिवर्तन की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
