विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Weather Today: लखनऊ सहित कई जिलों में गर्मी का कहर, वाराणसी में 14 साल बाद अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में ही तापमान 40 डिग्री पार

Published: Fri, 17 Apr 2026 07:23 AM (IST)

उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर जारी है, जहां लखनऊ समेत 50 से अधिक जिलों में तापमान बढ़ रहा है। ...और पढ़ें

प्रचंड होगी धूप, स्वास्थ्य के प्रति सावधानी आवश्यक। Photo- AI Image

प्रचंड होगी धूप, स्वास्थ्य के प्रति सावधानी आवश्यक। Photo- AI Image

HighLights

  1. पूरे उत्तर प्रदेश में तापमान में लगातार वृद्धि जारी है।

  2. वाराणसी में अप्रैल में 14 साल का रिकॉर्ड टूटा।

  3. आने वाले दिनों में भी गर्मी का प्रकोप रहेगा।

जागरण टीम, वाराणसी/लखनऊ। पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क होने के बाद तापमान में वृद्धि का क्रम जारी है। लखनऊ, आगरा, कानपुर, गोरखपुर सहित 50 से अधिक जिलों में गर्मी का कहर जारी है।

वहीं वाराणसी में 14 वर्षों बाद ऐसा हुआ है कि लगभग दो तीन दिन पहले ही अप्रैल के पहले पखवारे में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। बुधवार को प्रथम पखवाड़े के अंतिम दिन तापमान 42.8 तक पहुंचकर 14 वर्ष का रिकार्ड तोड़ दिया है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के उपलब्ध आंकड़ों को देखें तो इसके पूर्व वर्ष 2012 में चार अप्रैल को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। उससे भी पहले वर्ष 2010 में एक अप्रैल को ही अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था जो अब तक का अप्रैल का सर्वकालिक रिकार्ड के तौर पर अंकित है। इसके पूर्व के वर्षों में 2016 से 16 अप्रैल के बाद ही तापमान के 40 डिग्री के पार पहुंचता रहा है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी तापमान 40 के पार ही बना रह सकता है।

गुरुवार को तापमान में हल्की सी गिरावट आई। बीएचयू क्षेत्र में अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री कम होने के बाद भी सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक 41.7 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 0.2 डिग्री से. अधिक रहा। उधर बाबतपुर एयरपोर्ट क्षेत्र में अधिकतम तापमान थोड़ा घटने के बाद भी 40.3 रह। उस क्षेत्र में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस नीचे 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वाताआर्द्रता घट कर 18 प्रतिशत तक आ चुकी है।

यह भी पढ़ें- PM मोदी 27 अप्रैल की शाम आ सकते हैं काशी, परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ स्थित आंचलिक कार्यालय के वरिष्ठ विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी 2-3 दिनों के दौरान प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने से प्रदेश में आ रही शुष्क पछुआ हवाएं जारी रहेंगी। कर्नाटक एवं महाराष्ट्र पर बने प्रतिचक्रवात के मध्य भारत की ओर खिसकने से तापमान में मामूली वृद्धि होगी।

इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव होगा, इससे हवाओं में परिवर्तन हो सकता है तथा आंशिक बादलों की आवाजाही के परिणामस्वरूप तापमान में थोड़ी कमी आने की संभावना है, यद्यपि इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा होने की कोई संभावना नहीं है|

बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभी धीमी गति से ही सही तापमान बढ़ेगा। आने वाले दिनों में प्रचंड गरमी बनी रहेगी। आने वाले अपेक्षाकृत कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव इधर नही पड़ेगा।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।