युवाओं के लिए बड़ी राहत: ITI में तीसरी शिफ्ट हुई बहाल, बिना नौकरी छोड़े प्राप्त कर सकेंगे तकनीकी शिक्षा
उत्तर प्रदेश में नौकरीपेशा युवाओं के लिए राहत भरी खबर है, जहां आईटीआई में सत्र 2026-27 के लिए तीसरी शिफ्ट बहाल कर दी गई है। ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
नौकरीपेशा युवाओं के लिए आईटीआई में तीसरी शिफ्ट बहाल।
दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक होगी पढ़ाई।
हाईस्कूल मेरिट पर प्रवेश, 2026-27 से AI प्रशिक्षण अनिवार्य।
जितेंद्र उपाध्याय, लखनऊ। प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। अब नौकरी करने वाले अभ्यर्थी अपनी कमाई छोड़े बिना आईटीआई की पढ़ाई पूरी कर सकेंगे। सत्र 2026-27 के लिए राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में तीसरी शिफ्ट को एक वर्ष के लिए बहाल कर दिया गया है। यह शिफ्ट दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक संचालित होगी, जिससे दिन में काम करने वाले युवक-युवतियां शाम की पाली में तकनीकी शिक्षा हासिल कर सकेंगे।
महानिदेशक कौशल विकास विभाग से तीसरी शिफ्ट की अनुमति मिलने के बाद एनआईएमएस (नेशनल इंस्ट्रक्टर मैनेजमेंट सिस्टम) पोर्टल पर सात अगस्त तक संस्थानों का डाटा अपलोड किया जाएगा। इसके बाद तीसरी शिफ्ट का सीटों का ट्रेडवार विवरण जारी होगा।
प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 14 अगस्त निर्धारित की गई है, जबकि डीएसटी (ड्यूल सिस्टम ट्रेंनिंग जिसमें उद्योग और आईटीआई के बीच ट्रेनिंग होती है) मोड में 30 सितंबर तक आवेदन किए जा सकेगें।
निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एसोसिशन के मंडल अध्यक्ष राजेंद्र द्विवेदी ने बताया कि तीसरी शिफ्ट से सबसे अधिक लाभ उन युवाओं को मिलेगा, जो निजी कंपनियों, फैक्ट्रियों, वर्कशाप या अन्य संस्थानों में कार्यरत हैं। अब वे दिन में रोजगार कर सकेंगे और शाम को प्रशिक्षण लेकर अपनी योग्यता बढ़ा सकेंगे।
इससे उनकी आय भी प्रभावित नहीं होगी और रोजगार के बेहतर अवसर भी मिलेंगे। तीसरी शिफ्ट बहाली के लिए महानिदेशालय कार्यालय पर कई बार धरना प्रदर्शन भी किया गया।
इस बार किए गए कई संशोधन
इस बार प्रवेश प्रक्रिया में कई बदलाव भी किए गए हैं। हाईस्कूल के अंकों की मेरिट के आधार पर प्रवेश होगा। राज्य और जिला स्तर के साथ ब्लाक एवं तहसील स्तर पर भी मेरिट सूची तैयार की जाएगी। स्थानीय अभ्यर्थियों को बढ़ावा देने के लिए 25 प्रतिशत सीटें संबंधित क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित रहेंगी। साथ ही रिक्त सीटों को भरने के लिए अतिरिक्त मेरिट सूची जारी करने की व्यवस्था भी लागू रहेगी।
सत्र 2026-27 से आईटीआई में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का प्रशिक्षण भी अनिवार्य किया जा रहा है। विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लास, लैपटॉप, स्मार्टफोन और यूट्यूब आधारित डिजिटल लेक्चर के माध्यम से आधुनिक तकनीकी शिक्षा दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- लखनऊ : शहरोज का मुंबई-राजस्थान कनेक्शन खंगाल रही ATS, मोबाइल से रिकवर किए गए डाटा में 3 और संदिग्धों के मिले नंबर
प्रदेश में आईटीआई पर एक नजर
1. संस्थान एवं सीट विवरण
| विवरण | संख्या |
| राजकीय (सरकारी) आईटीआई | 305 |
| निजी आईटीआई | 3,300 |
| सरकारी सीटें | 1,34,575 |
| निजी सीटें | 3,71,732 |
2. पात्रता एवं आवेदन शुल्क
| विवरण | मान / मानदंड |
| न्यूनतम आयु | 14 वर्ष |
| शैक्षणिक योग्यता | हाईस्कूल (10वीं) उत्तीर्ण |
| आवेदन शुल्क (सामान्य / ओबीसी) | ₹250 |
| आवेदन शुल्क (एससी / एसटी) | ₹150 |
3. महत्वपूर्ण तिथियां एवं समय
| विवरण | समय सीमा / समय |
| आवेदन की अंतिम तिथि | 14 अगस्त |
| डीएसटी (DST) मोड आवेदन तिथि | 30 सितंबर तक |
| तीसरी शिफ्ट का समय | दोपहर 2:00 बजे से रात 10:00 बजे तक |
महानिदेशालय की अनुमति मिलने के बाद प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पोर्टल पर आवश्यक संशोधन किए जा रहे हैं। सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही आनलाइन आवेदन शुरू कर दिए जाएंगे। सामान्य प्रवेश प्रक्रिया 12 जुलाई से चल रही है।
राजेंद्र प्रसाद, अपर निदेशक (प्रशिक्षण)