लखनऊ में जल शक्ति मंत्री ने किया भूजल सप्ताह का उद्घाटन, यूपी के 10 जल संकट से प्रभावित शहरों में चलेंगे खास जागरूकता अभियान
उत्तर प्रदेश सरकार ने भूजल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 'भूजल सप्ताह-2026' का शुभारंभ किया। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव ...और पढ़ें

लखनऊ में भूजल सप्ताह का शुभारंभ
HighLights
भूजल सप्ताह-2026 का लखनऊ में भव्य उद्घाटन।
जल शक्ति मंत्री ने जल संरक्षण का संकल्प दिलाया।
10 शहरों में विशेष जागरूकता कार्यशालाएं होंगी।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। प्रदेशवासियों में भूजल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के "भूजल सप्ताह-2026" (16 से 22 जुलाई) का गुरुवार को भव्य शुभारम्भ हुआ। लखनऊ के गोमती नगर स्थित लोहिया पार्क एम्फीथिएटर में प्रदेश के जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने इस सप्ताहव्यापी अभियान का उद्घाटन किया। इस वर्ष भूजल सप्ताह का मुख्य थीम "जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प" रखा गया है।
जल संरक्षण को बनाना होगा जनआंदोलन
उद्घाटन अवसर पर अपने सम्बोधन में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जल प्रकृति का अमूल्य उपहार है और वर्तमान में भूजल का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सिंचाई, पेयजल और उद्योगों की भूजल पर भारी निर्भरता का जिक्र करते हुए उन्होंने हर नागरिक से इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
मंत्री ने भारत सरकार के "जल संचय जनभागीदारी: कैच द रेन-2026" अभियान का उल्लेख करते हुए प्रदेश के 10 अतिदोहित शहरों में विशेष कार्यशालाएं शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने उपस्थित लोगों को वर्षा जल की एक-एक बूंद बचाने, 'एक पेड़ माँ के नाम' लगाने, रोज एक लोटा पानी बचाने और कम से कम पांच अन्य लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प भी दिलाया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया गया प्रभावी संदेश
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा जल आर्ट गैलरी के अवलोकन और गणेश वंदना से हुई। इसके पश्चात डा. श्रेया संगीत संस्थान द्वारा 'जल-एन्थम' और 'क्लाइमेट पर चर्चा' संस्था की ओर से प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक व जल गीत ने दर्शकों को जल संरक्षण का मार्मिक संदेश दिया।
खबरें और भी
इस अवसर पर नमामि गंगे तथा ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं की जागरूकता की सराहना की और उन्हें भूजल के संतुलित उपयोग के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में ऑनलाइन भूजल क्विज़ प्रतियोगिता के विजेताओं को 'स्कूल ऑफ जलवीर' सम्मान से नवाजा गया और उत्कृष्ट 'जल आर्ट' बनाने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।
सप्ताह भर प्रदेश में चलेंगे विविध आयोजन
भूजल सप्ताह के दौरान पूरे प्रदेश के विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी संस्थानों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से जल पुनर्भरण, चित्रकला, वाद-विवाद और जनसंवाद जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि समाज में व्यापक चेतना लाई जा सके। उद्घाटन कार्यक्रम का सफल संचालन भूगर्भ जल विभाग के अधिशासी अभियन्ता अनुपम ने किया। अंत में भूगर्भ जल विभाग के निदेशक डा. राजेश कुमार प्रजापति ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, प्रतिभागियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और सामूहिक जल संरक्षण की शपथ के साथ हुआ।