Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    UP Weather Today: लखनऊ समेत 60 जिलों में मानसून की दस्तक, IMD ने भारी बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट किया जारी

    Updated: Fri, 10 Jul 2026 07:28 AM (IST)

    मॉनसून उत्तर प्रदेश में पूरी तरह सक्रिय हो गया है, जिससे अधिकांश जिलों में मध्यम से भारी बारिश हुई है और गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले चार ...और पढ़ें

    पूरब से पश्चिम तक ज्यादातर जिलों में जमकर बरसेंगे बादल। जागरण

    पूरब से पश्चिम तक ज्यादातर जिलों में जमकर बरसेंगे बादल। जागरण

    HighLights

    1. प्रदेश में मॉनसून सक्रिय, अधिकांश जिलों में भारी बारिश।

    2. लखनऊ समेत 60 जिलों में भारी बारिश, वज्रपात का अलर्ट।

    3. बिजनौर में रिकॉर्ड 306 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

    जागरण संवाददाता, लखनऊ। प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकांश जिलों में मध्यम से भारी बारिश हुई है, जिससे भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। गुरुवार को पश्चिमी जिलों में बादल जमकर बरसे। राजधानी में सुबह से बादल छाए रहे और दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही।

    लोग घर से बाहर खुशनुमा मौसम का लुत्फ उठाते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, वर्षा का सिलसिला अभी अगले चार दिनों तक जारी रहेगा। शुक्रवार और शनिवार को राजधानी समेत 60 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

    मेरठ में सबसे ठंडा दिन
    वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से बना सक्रिय मौसम तंत्र मध्य प्रदेश के समीप पहुंच चुका है। इसका सीधा प्रभाव उत्तर प्रदेश पर दिखने लगा है। यही वजह है कि पूरब से पश्चिम तक झमाझम बारिश हो रही है। लखनऊ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

    शुक्रवार को दिन का पारा 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का पूर्वानुमान है। 26.1 डिग्री सेल्सियस के साथ मेरठ में सबसे ठंडा दिन रहा, जबकि 26.2 डिग्री सेल्सियस के साथ अलीगढ़ दूसरे नंबर पर है। करीब 40 जिलों में दिन का तापमान रात जैसा रहा। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहा।

    बिजनौर में रिकार्ड बारिश
    मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटें के दौरान प्रदेश में सर्वाधिक बारिश बिजनौर में हुई। जिले में रिकार्ड 306 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई, जबकि 222 मिमी के साथ एटा दूसरे नंबर पर रहा। इसके अलावा संभल में 204 मिमी, आगरा 146 मिमी, मेरठ 137 मिमी, शाहजहांपुर 135.2 मिमी, मुजफ्फरनगर 126.8 मिमी और बुलंदशहर में 125.4 मिमी वर्षा हुई।

    यह भी पढ़ें- यूपी में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से 19 लोगों की मौत, नदियां उफान पर

    लखनऊ में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
    राजधानी में गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

    खबरें और भी

    पूर्वी यूपी के लगभग सभी जिलों में भी जोरदार वर्षा के आसार हैं। लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।