यूपी वालों को जल्द मिलेगी गर्मी से राहत, मौसम विभाग ने प्रदेश के 50 से अधिक जिलों को लेकर दिया अपडेट
उत्तर प्रदेश में पिछले एक माह से जारी भीषण गर्मी और लू से जल्द राहत मिलेगी, क्योंकि 30 जून से मौसम बदलेगा और बारिश का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग के अनु ...और पढ़ें
-1782596492427_m.webp)
HighLights
30 जून से प्रदेश में मानसून की शुरुआत होगी।
4 जुलाई तक 50 से अधिक जिलों में बारिश का अनुमान।
भीषण गर्मी और लू से मिलेगी बड़ी राहत।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। पिछले करीब एक माह से प्रदेशभर में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। अधिकतम तापमान नए रिकार्ड बना रहा है। अभी दो दिन और यानि रविवार और सोमवार को लखनऊ व आसपास समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने का पूर्वानुमान है, लेकिन 30 जून से मौसम बदलेगा और बारिश का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग के अनुसार, सूबे में मानसून के प्रवेश की परिस्थितियां अनुकूल हैं। लगभग 50 से अधिक जिलों में चार जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि कुछ दिनों से अधिकतर जिलों में आसमान से आग बरस रही है। लखनऊ, हरदोई, कानपुर, बांदा, बहराइच, बलिया, सुल्तानपुर समेत 30 से अधिक जिले शनिवार को लू की चपेट में रहे।
अभी दो दिन और यही स्थिति रहने के आसार हैं। मंगलवार से भीषण गर्मी से राहत मिलेगी और धीरे-धीरे प्रदेश से लू का असर खत्म होगा। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के दौरान अधिकतम तापमान में सात से नौ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
आगरा और प्रयागराज प्रदेश में सबसे गर्म जिले
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को करीब 40 से अधिक जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया। 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रयागराज और आगरा प्रदेश में सबसे गर्म जिले रहे।
लखनऊ में अधिकतम पारा 41.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजधानी में रविवार को दिन का पारा 42 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के आसार हैं।