उत्तर प्रदेश के 2.72 लाख आउटसोर्स कर्मियों को दिवाली गिफ्ट, बढ़े मानदेय के साथ मिलेगा सितंबर का पूरा एरियर
उत्तर प्रदेश के 2.72 लाख से अधिक आउटसोर्स कार्मिकों को 2 सितंबर से बढ़ा हुआ पारिश्रमिक मिलेगा, जिसका आदेश दीपावली से पहले जारी किया गया है।

आउटसोर्स कार्मिकों को दो सितंबर से ही मिलेगा बढ़ी दर से पारिश्रमिक।
HighLights
2.72 लाख आउटसोर्स कार्मिकों को बढ़ा पारिश्रमिक।
दीपावली से पहले जारी हुआ बढ़ा पारिश्रमिक आदेश।
सितंबर का एरियर अक्टूबर के वेतन संग मिलेगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विभिन्न विभागों में कार्यरत 2.72 लाख से अधिक आउटसोर्स कार्मिकों को दो सितंबर से ही बढ़ा हुआ पारिश्रमिक मिलेगा। दीपावली से पहले कार्मिकों को बढ़ी दर पर पारिश्रमिक देने का आदेश सोमवार को जारी कर दिया गया।
अब श्रेणी एक के कार्मिकों को प्रतिमाह 39,000 रुपये रुपये जबकि ईपीएफ और ईएसआइ की कटौती के बाद श्रेणी दो के कार्मिक 19,148.76 रुपये, श्रेणी तीन के 16,999.64 रुपये और श्रेणी चार के 15,396.14 रुपये प्रतिमाह पाएंगे।
नवंबर में मिलने वाले अक्टूबर के पारिश्रमिक के साथ सितंबर का एरियर भी दिया जाएगा। श्रेणी एक को छोड़कर अन्य श्रेणियों के कार्मिकों के पारिश्रमिक में लगभग डेढ़ गुने की बढ़ोतरी होगी। अगर किसी भी श्रेणी के कार्मिकों को अब तय किए गए पारिश्रमिक से ज्यादा पहले से मिल रहा है तो उसके पारिश्रमिक यथावत रहेगा।
दो सितंबर से ही बढ़ा पारिश्रमिक देने का निर्णय
प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन के प्रमुख सचिव मनीष चौहान की ओर से सोमवार को जारी आदेश के मुताबिक पारिश्रमिक का निर्धारण पिछले वर्ष 19 सितंबर को जारी शासनादेश के आधार पर किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दो सितंबर को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में बढ़ी दर से पारिश्रमिक देने का शुभारंभ किए जाने से सभी को दो सितंबर से ही बढ़ा पारिश्रमिक देने का निर्णय किया गया है।
श्रेणी एक के कार्मिकों को 39,000 रुपये मासिक पारिश्रमिक मिलेगा। इसमें ईपीएफ और ईएसआइ की कटौती नहीं होगी। 1501 रुपये सर्विस चार्ज और 390 रुपये यूपीकास सेंटेज का भुगतान नियोक्ता यानी सरकार करेगी।
श्रेणी दो का मासिक पारिश्रमिक 21,947 रुपये तय है। इसमें से 2633.64 रुपये ईपीएफ और 160.60 रुपये ईएसआइ कटने के बाद कार्मिक को 19,148.76 रुपये मिलेंगे।
सरकार इनके ईपीएफ खाते में 2633.64 रुपये और ईएसआइ खाते में 713.28 रुपये जमा करेगी। इसके अलावा 844.96 रुपये सर्विस चार्ज और 219 रुपये यूपीकास सेंटेज देगी।
श्रेणी तीन का मासिक पारिश्रमिक 19,446 रुपये निर्धारित है। कार्मिक के पारिश्रमिक से 2333.22 रुपये ईपीएफ और 145.85 रुपये ईएसआइ कटेंगे। सरकार इनके ईपीएफ खाते में 2333.52 रुपये और ईएसआइ में 632 रुपये जमा करेगी। साथ ही 748.67 रुपये सर्विस चार्ज और 194 रुपये यूपीकास सेंटेज देगी।
श्रेणी चार का मासिक पारिश्रमिक 17,646 रुपये है। इसमें से 2117.52 रुपये ईपीएफ और 132.35 रुपये ईएसआइ कटेंगे। सरकार ईपीएफ में 2117.52 रुपये और ईएसआइ में 573.50 रुपये जमा करेगी। इसके अतिरिक्त 679.37 रुपये सर्विस चार्ज और 176 रुपये यूपीकास सेंटेज दिया जाएगा।
श्रेणीवार प्रति माह हाथ में मिलने वाला पारिश्रमिक
- श्रेणी एक: 39,000 रुपये
- श्रेणी दो: 19,148.76 रुपये
- श्रेणी तीन: 16,999.64 रुपये
- श्रेणी चार: 15,396.14 रुपये
सभी श्रेणियों में 18 प्रतिशत जीएसटी का भार सरकार उठाएगी। प्रमुख सचिव के अनुसार, कार्मिकों के पारिश्रमिक से काटी गई ईपीएफ और ईएसआइ राशि तथा नियोक्ता के अंश को मिलाकर उन्हें सरकार द्वारा घोषित श्रेणीवार 20, 22, 25 और 40 हजार रुपये से अधिक राशि मिलेगी। ईपीएफ की धनराशि बाद में कार्मिकों को ही मिलेगी। सभी कार्मिकों को सरकार की घोषित स्वास्थ्य और सामाजिक सेवाओं का लाभ भी मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।