योगी सरकार का बड़ा तोहफा, रसोइयों को सितंबर के वेतन में ही मिलेगा बढ़ोतरी का लाभ
प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत उत्तर प्रदेश के विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को सितंबर के वेतन से बढ़ी हुई राशि मिलेगी।
-1773823945948-1788012184973_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
रसोइयों को सितंबर के वेतन से मिलेगा बढ़ा हुआ लाभ।
मानदेय में एक हजार रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की गई।
अब रसोइयों को मिलेगा 3000 रुपये प्रतिमाह मानदेय।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत प्रदेश के विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को बढ़े हुए वेतन का लाभ सितंबर के वेतन के साथ ही मिल जाएगा। पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी घोषणा की थी और कैबिनेट से इसे स्वीकृति मिल चुकी है।
अब शासन ने मध्याह्न भोजन प्राधिकरण को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले रसोइयों के मानदेय में सरकार ने एक हजार रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की है।
रसोइयों को सालाना 30 हजार रुपये मानदेय मिलेगा
अब रसोइयों को 3000 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। अब तक रसोइयों को 2000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाता था। मानदेय वर्ष में 10 माह के लिए दिया जाएगा। यानी रसोइयों को सालाना 30 हजार रुपये मानदेय मिलेगा।
निर्देशों में कहा गया है कि रसोइयों के मानदेय में सितंबर (जिसका भुगतान अक्टूबर में होगा) से एक हजार रुपये प्रतिमाह की वृद्धि कर तीन हजार प्रतिमाह उनके खाते में दिए जाएं। निर्देशों का तत्काल अनुपालन कराने को कहा गया है।
