हिंसक भीड़ ने निपटने के लिए UP पुलिस होगी 'फुल प्रूफ' मुस्तैद, 29.45 करोड़ से खरीदे जाएंगे 30 हजार हेलमेट और डंडे
झारखंड और दिल्ली में हुए आंदोलनों से सबक लेते हुए यूपी सरकार ने पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिए 29.45 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इस राशि से 30 हजार पीवीसी डंडे, हेलमेट, शील्ड और अन्य सुरक्षा उपकरण खरीदे जाएंगे ताकि पुलिस भीड़ को प्रभावी ढंग से नियंत्रित कर सके।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
यूपी पुलिस को भीड़ नियंत्रण के लिए 29.45 करोड़ मिले।
30 हजार हेलमेट, डंडे, शील्ड खरीदे जाएंगे।
पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। झारखंड, दिल्ली में उग्र आंदोलनों के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों के घायल होने की घटनाओं से सबक लेते हुए सरकार ने यूपी पुलिस के जवानों की सुरक्षा की पुख्ता पहल की है। उग्र आंदोलकारियों से प्रभावी ढंग से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने लिए उन्हें भीड़ नियंत्रण उपकरणों से लैस किया जाएगा।
गृह विभाग ने उपकरणों की खरीद के लिए 29.45 करोड़ रुपये जारी कर दिये हैं। इस राशि से पीवीसी डंडे, हेलमेट और पीवीसी शील्ड खरीदी जाएंगी।
गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 500 रुपये प्रति नग की दर से 30 हजार पीवीसी डंडे, 2,600 रुपये प्रति नग की दर से 30 हजार हेलमेट और चार हजार रुपये प्रति नग की दर से 30 हजार पीवीसी शील्ड खरीदी जाएंगी।
इसके अलावा हिंसक घटनाओं के दौरान पुलिसकर्मियों को चोटों से बचाने के लिए 1,500 बैलिस्टिक शील्ड भी खरीदी जाएंगी। सरकार ने इसकी कीमत 49,500 रुपये प्रति नग निर्धारित की है। वहीं, भीड़ को नियंत्रित करने और आवश्यक निर्देश एवं चेतावनी देने के लिए 1,500 लाउड हेलर भी खरीदे जाएंगे। प्रत्येक लाउड हेलर की कीमत 5,000 रुपये होगी।
हाल के वर्षों में दिल्ली समेत कई शहरों में हुए आंदोलनों के दौरान पुलिसकर्मियों के घायल होने की घटनाओं को देखते हुए भीड़ नियंत्रण के लिए सुरक्षा उपकरणों की जरूरत पर जोर दिया गया है। आंदोलनों के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर भी विवाद सामने आए हैं।
इन्हीं परिस्थितियों के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय ने जवानों के लिए इन उपकरणों की खरीद का प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा था, जिसे मंजूरी मिल गयी। साथ ही उपकरण खरीद के लिए धनराशि भी जारी कर दी है। अब पुलिस मुख्यालय जेमपोर्टल के जरिये सुरक्षा उपकरण खरीदेगा।
अधिकारियों के मुताबिक, इन उपकरणों से पुलिसकर्मियों की सुरक्षा मजबूत होने के साथ ही भीड़ नियंत्रण के दौरान उनकी कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- बुलंदशहर में चेयरपर्सन के कमरे में नामित सभासद पर टैक्स अधिकारियों को अपशब्द कहने का आरोप
