यूपी हेड कॉन्स्टेबल मोटर ट्रांसपोर्ट भर्ती का सिलेक्शन रिजल्ट घोषित, 14 अगस्त से देख सकेंगे अंक
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने पुलिस मोटर परिवहन शाखा में मुख्य आरक्षी मोटर परिवहन के 176 पदों का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
पुलिस मोटर परिवहन शाखा में 176 पदों का परिणाम घोषित।
चयन सूची लिखित परीक्षा, सेवा अभिलेख मूल्यांकन पर आधारित।
अभ्यर्थी 14 अगस्त से बोर्ड वेबसाइट पर परिणाम देख सकेंगे।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने पुलिस मोटर परिवहन शाखा में मुख्य आरक्षी मोटर परिवहन के 176 रिक्त पदों के लिए विभागीय चयन परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। चयन सूची वर्ष 2020 से 2025 (एक जुलाई 2020 से 30 जून 2026) तक की रिक्तियों के सापेक्ष तैयार की गई है।
उत्तर प्रदेश पुलिस मोटर परिवहन शाखा अधीनस्थ अधिकारी सेवा नियमावली-2015 के तहत विभागीय चयन प्रक्रिया संचालित की गई। पहले चरण की लिखित परीक्षा पिछले वर्ष पांच अक्टूबर को आयोजित हुई थी, जिसमें पुलिस विभाग में कार्यरत आरक्षी और मुख्य आरक्षी चालक संवर्ग के 3,950 पात्र कर्मियों ने भाग लिया। लिखित परीक्षा में सफल 2,781 अभ्यर्थियों की दूसरे चरण की प्रायोगिक तकनीकी दक्षता परीक्षा 28 अप्रैल से 11 मई तक कराई गई। इस परीक्षा में 2,541 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए।
यह भी पढ़ें- यूपी के परिषदीय स्कूलों में नया बदलाव, अगस्त से हर शनिवार को होगा ‘बैगलेस डे’
इसके बाद पुलिस लाजिस्टिक्स मुख्यालय से प्राप्त सेवा अभिलेखों का मूल्यांकन किया गया। बोर्ड ने बताया कि अंतिम चयन सूची लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों और सेवा अभिलेखों के मूल्यांकन के अंकों को जोड़कर तैयार की गई। विभागाध्यक्ष ने सात अगस्त को चयन सूची को अनुमोदित किया। अब प्रतिभागी बोर्ड की वेबसाइट पर 14 अगस्त से परिणाम देख सकते हैं।