'कांवड़ यात्रा के दौरान न हो बिजली सुरक्षा में चूक', पावर कॉर्पोरेशन चेयरमैन डॉ. गोयल की अफसरों को सख्त हिदायत
अपर मुख्य सचिव ऊर्जा डॉ. आशीष गोयल ने कांवड़ यात्रा सहित सभी धार्मिक आयोजनों के दौरान बिजली आपूर्ति में विद्युत सुरक्षा का पूरा ध्यान रखने की हिदायत द ...और पढ़ें

HighLights
कांवड़ यात्रा में बिजली सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें।
अधिकारियों को निर्बाध आपूर्ति व मरम्मत के निर्देश।
सुरक्षा उपकरण पहनकर ही करें विद्युत अनुरक्षण कार्य।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष डा. आशीष गोयल ने कांवड यात्रा सहित सभी धार्मिक आयोजनों के दौरान बिजली आपूर्ति में विद्युत सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखने की हिदायत दी है। उन्होंने निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ ही विद्युत दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों-अभियंताओं को मरम्मत संबंधी कार्य को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। डा. गोयल ने कहा कि विद्युत व्यवस्था संबंधी कार्यों के बारे में जन प्रतिनिधियों को भी बताया जाए।
शक्तिभवन से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए मंगलवार को बिजली कंपनियों (डिस्काम) की बिजली आपूर्ति, बिल वसूली, बिजली चोरी रोकने व कराए जा रहे कार्यों आदि की समीक्षा करते हुए अध्यक्ष ने कहाकि वर्षा में बिजली आपूर्ति पर विशेष सर्तकता बरतें।
कार्रवाई की दी चेतावनी
अधिकारी क्षेत्र में रहें और अनुरक्षण के कार्य सुनिश्चित करने के साथ ही किसी भी कारण से स्थानीय दोष को न्यूनतम समय में ठीक कर बिजली आपूर्ति बनाए रखें। किसी तरह की सामग्री खरीदने के लिए अधिशासी अभियंताओं को पूरे अधिकार एवं धनराशि दी गयी है। अधीक्षण अभियंताओं को भी ट्रांसफार्मर का ध्यान रखने का निर्देश देते हुए कहा कि खराब होने पर उनके खिलाफ भी कार्यवाई की जाएगी।
अध्यक्ष ने कहा कि अस्थायी कनेक्शन देने में हीला-हवाली के मामलों में जांच कर कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा उपकरण पहनकर ही अनुरक्षण के कार्य किए जाएं ताकि दुर्घटनाएं न हों। बैठक में कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।