यूपी में बाढ़ के बीच मौसम विभाग की चेतावनी, 20 से अधिक जिलों में अगले 48 घंटे में तेज बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में बाढ़ के कहर के बीच सरकार राहत कार्यों में जुटी है, पीड़ितों को दवा, पानी और खाद्य ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
सरकार बाढ़ प्रभावितों को दवा, पानी, खाद्य सामग्री पहुंचा रही है।
मौसम विभाग ने 20+ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट दिया।
चित्रकूट में मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को राहत किट बांटे।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बाढ़ के कहर के बीच सरकार प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने में जुटी है। पीड़ितों को दवा, पानी और खाद्य सामग्री पहुंचाने में कोताही नहीं बरतने की हिदायत दी गयी है। इस बीच मौसम विभाग ने छह सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, बाढ़, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका जताई है।
चित्रकूट के प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कर्वी तहसील परिसर में बाढ़ पीड़ितों को राहत किट वितरित की और पीड़ितों से बातचीत भी की। मौसम विभाग के नए पूर्वानुमान को देखते हुए राहत आयुक्त कार्यालय ने जिला प्रशासन को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और स्थानीय स्तर पर आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा है।
चित्रकूट के प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल नन्दी ने प्रभावित लोगों को राहत किट करते हुए अधिकारियों से कहा है कि प्रभाविक लोगों की हर स्तर पर मदद की जाए। लोगों को दवा, पानी और खाद्य वस्तुओं की कमी नहीं होनी चाहिए। राहत आयुक्त कार्यालय ने संभावित प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
उधर, मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार को प्रदेश के करीब 20 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है। मंगलवार को राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में दिन भर बारिश हुई। इससे कई इलाकों में सड़कों और कालोनियों में घुटनों तक जलभराव हो गया।
पिछले तीन-चार दिन से रुक-रुककर हो रही वर्षा से तापमान में गिरावट आई और उमसभरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। फिलहाल, अभी पांच सितंबर तक मध्य यूपी के साथ पूर्वी एवं दक्षिणी यूपी में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहा।
प्रतापगढ़ में सर्वाधिक बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को प्रतापगढ़ में सबसे अधिक 147 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई, जबकि सोनभद्र में 140 मिमी, कानपुर शहर 129.6 मिमी, बांदा में 110.8 मिमी, आजमगढ़ में 101.8 मिमी, गाजीपुर में 95 मिमी, कन्नौज में 94.2, चित्रकूट में 92 मिमी, लखीमपुर खीरी में 90 मिमी और रायबरेली में 88.4 मिमी बारिश हुई।
इन जिलों में आज भारी वर्षा
मौसम विभाग के अनुसार, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, कानपुर नगर एवं आसपास के इलाकों में बुधवार को भारी से बहुत भारी वर्षा के पूर्वानुमान हैं। इसके अलावा प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, उन्नाव, रायबरेली, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदांयु, जालौन, हमीरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी बरसात का अलर्ट जारी किया गया है।
