Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    UP Smart Meter: अब एक मोबाइल नंबर से जुड़ेंगे सिर्फ तीन बिजली कनेक्शन, निगेटिव बैलेंस होने से पहले रिचार्ज जरूरी

    Updated: Tue, 31 Mar 2026 11:23 AM (GMT+05:30)

    उत्तर प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के लिए नया नियम लागू किया गया है। अब एक मोबाइल नंबर से अधिकतम तीन बिजली कनेक्शन ही जोड़े जा सकेंगे। ...और पढ़ें

    स्मार्ट प्रीपेड मीटर

     स्मार्ट प्रीपेड मीटर

    राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले तीन बिजली कनेक्शन ही अब एक मोबाइल फोन नंबर से जुड़ेंगे। अधिक कनेक्शन के कारण उपभोक्ताओं से कम्युनिकेशन न बन पाने पर कई बार रिचार्ज कराने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल होने में समय लगता है। स्वतः बिजली न कटे इसके लिए निगेटिव बैलेंस होने से पहले ही रिचार्ज कराना जरूरी है।

    प्रदेश में अब तक 70 लाख से अधिक लगाए जा चुके स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर उपभोक्ताओं को हो रही दिक्कतों पर मीडिया से बातचीत में पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष डा. आशीष कुमार गोयल व प्रबंध निदेशक पंकज कुमार ने कहा कि स्मार्ट मीटर से ही ऊर्जा क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा।

    उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर भविष्य की जरूरतों के अनुरूप है। रिचार्ज कराने के घंटों बाद भी बिजली आपूर्ति न शुरू होने पर कहा कि जनसुविधा केंद्र के माध्यम से कनेक्शन के लिए आवेदन करने के मामलों में एक ही मोबाइल फोन नंबर कई कनेक्शनों में हैं। अब अधिकतम तीन कनेक्शन में ही एक मोबाइल फोन नंबर का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

    ऐसे में कम्युनिकेशन बनने में दिक्कत नहीं आएगी। चूंकि रीकनेक्शन कमांड कई सारे सिस्टम से गुजरता है, इसलिए दो घंटे तक का समय लग सकता है। हालांकि, 95 प्रतिशत मामले में भुगतान के कुछ ही मिनट में कनेक्शन जुड़ जा रहे हैं। अध्यक्ष ने कहा कि दो घंटे के बाद भी कनेक्शन न जुड़ने पर 1912 पर जरूर संपर्क किया जाए।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- CM योगी पर टिप्पणी करने वाला मौलाना शिकंजे में, गोरखपुर की STF टीम ने बिहार से उठाया

    उन्होंने कहा कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर के टैरिफ पर दो प्रतिशत की छूट भी मिलती है। उपभोक्ता, पावर कारपोरेशन के अधिकृत मोबाइल एप ‘यूपीपीसीएल स्मार्ट कंज्यूमर एप’ के माध्यम से प्रति घंटे की खपत और कौन-सा उपकरण ज्यादा बिजली खपत कर रहा, की निगरानी कर सकते हैं।

    अध्यक्ष ने बताया कि उपभोक्ता को रिचार्ज की धनराशि के 30 प्रतिशत, 10 प्रतिशत और शून्य होने पर प्रत्येक बार एसएमएस के माध्यम से सूचित भी किया जाता है इसलिए उपभोक्ता अपना सही मोबाइल फोन नंबर ही कनेक्शन में दें।