उत्तर प्रदेश में वरिष्ठ महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा, अनुपूरक बजट में 100 करोड़ रुपये प्रावधान
उत्तर प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी, जिसके लिए अनुपूरक बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधा ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश में वरिष्ठ महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का मार्ग प्रशस्त
HighLights
60 वर्ष से अधिक महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा।
योजना हेतु 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान।
ई-वाहन, बस अड्डों, सड़क सुरक्षा को भी बढ़ावा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का रास्ता साफ हो गया है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक बजट में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) को इस योजना के लिए 100 करोड़ रुपये के प्रतिकर भुगतान का प्रविधान किया गया है।
बजट पारित होने के बाद सरकार योजना को लागू करने की दिशा में आगे बढ़ेगी। भाजपा ने अपने लोक कल्याण संकल्प पत्र में यह वादा किया था।
योजना लागू होने पर प्रदेश की वरिष्ठ महिलाओं को बिना किराया दिए रोडवेज बसों में यात्रा करने का लाभ मिलेगा। इससे उन्हें इलाज, धार्मिक कार्यक्रमों, पारिवारिक कार्यों और अन्य जरूरी यात्राओं में आर्थिक राहत मिलेगी।
अनुपूरक बजट में परिवहन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई अन्य महत्वपूर्ण प्रविधान भी किए गए हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी मद में 20 करोड़ रुपये की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। इससे अधिक लोगों को ई-वाहन खरीदने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
राज्य सड़क परिवहन निगम के बस अड्डों के निर्माण, विस्तार और यात्री सुविधाओं के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये अतिरिक्त दिए गए हैं। इस धनराशि से बस अड्डों पर आधारभूत सुविधाओं में सुधार और आवश्यक निर्माण कार्य कराए जाएंगे।
सड़क सुरक्षा कोष के तहत 15 करोड़ रुपये की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। इस राशि का उपयोग ब्लैक स्पाट सुधार, यातायात संकेतकों की स्थापना, जनजागरूकता अभियान और अन्य सुरक्षा उपायों पर किया जाएगा।