Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी के पर्यटन स्थलों पर मिलेगा एक जिला-एक व्यंजन का स्वाद, टूरिज्म विभाग करेगा डबल डेकर फूड ट्रकों का संचालन

    Updated: Thu, 09 Jul 2026 09:47 PM (IST)

    पर्यटन विभाग उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर डबल डेकर फूड ट्रक चलाएगा, जिसकी शुरुआत लखनऊ से होगी। इन ट्रकों में स्थानीय व्यंजनों के साथ एआर/वीआर तकनी ...और पढ़ें

    इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

    इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

    HighLights

    1. पर्यटन स्थलों पर चलेंगे अत्याधुनिक डबल डेकर फूड ट्रक।

    2. स्थानीय 'एक जिला एक उत्पाद' व्यंजनों का स्वाद मिलेगा।

    3. लखनऊ के प्राणी उद्यान, लोहिया पार्क से होगी योजना की शुरुआत।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पर्यटन के साथ जिलों के खान-पान को भी आकर्षण बनाने की कोशिश में जुटा पर्यटन विभाग अब पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के साथ सैलानियों को एक जिला-एक उत्पाद का स्वाद चखाएगा।

    इसके लिए पर्यटन स्थलों पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस डबल डेकर फूड ट्रक का संचालन किया जाएगा। पहले चरण में लखनऊ के नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान और डा. राम मनोहर लोहिया पार्क में फूड ट्रक को संचालित करने की तैयारी की जा रही है।

    डबल डेकर फूड ट्रक का ऊपरी हिस्सा पर्यटकों के लिए अत्याधुनिक अनुभव केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां एआर और वीआर तकनीक से प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहर, पर्यटन स्थलों और जैव विविधता का डिजिटल अनुभव मिलेगा। बिना हेडफोन के इमर्सिव आडियो, एलईडी आधारित डिजिटल हेरिटेज गैलरी और आरामदायक ईको डाइनिंग लाउंज की सुविधा होगी।

    व्यावसायिक रसोई के रूप में किया जाएगा विकसित

    निचले हिस्से को व्यावसायिक रसोई के रूप में विकसित किया जाएगा। ट्रक के बाहरी हिस्से पर बड़ा एलईडी डिस्प्ले लगेगा, जिस पर पर्यटन संबंधी प्रचार सामग्री प्रसारित की जाएगी। ट्रक में एआइ आधारित सीसीटीवी निगरानी, यूपीआई व कार्ड भुगतान, क्यूआर कोड आधारित ग्राहक फीडबैक और डिजिटल निगरानी व्यवस्था अनिवार्य होगी। ट्रक की छत पर सोलर पैनल भी लगाए जाएंगे।

    उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ''''डबल डेकर फूड ट्रक का संचालन उत्तर प्रदेश इको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड करेगा। इसके लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। बाद में इसका विस्तार प्रदेश के प्रमुख पर्यटन, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों तक किया जाएगा। लखनऊ को ''''क्रिएटिव सिटी आफ गैस्ट्रोनामी'''' का दर्जा मिलने के बाद यह योजना बनाई गई है।

    खबरें और भी

    फूड ट्रकों के मेन्यू में प्रदेश के स्थानीय और पारंपरिक व्यंजनों को प्रमुखता दी जाएगी। फूड ट्रक के निर्माण में टिकाऊ, अग्निरोधक और पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग किया जाएगा। सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। खाद्य सामग्री की पैकेजिंग के लिए पत्तल, बांस, मिट्टी या अन्य बायोडिग्रेडेबल सामग्री का उपयोग होगा। जल संरक्षण के लिए जीरो लिक्विड डिस्चार्ज नीति लागू होगी।