कांवड़ यात्रा को लेकर हरिद्वार समेत इन मेन रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाएगा यूपी रोडवेज, होगी सख्त निगरानी
परिवहन निगम ने 30 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा के लिए विशेष तैयारियां की हैं, जिसमें हरिद्वार सहित प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
हरिद्वार सहित प्रमुख मार्गों पर चलेंगी अतिरिक्त बसें।
बसों की गति पर सख्त निगरानी, चालकों का टेस्ट होगा।
यात्रियों की सुविधा को 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को देखते हुए परिवहन निगम ने रोडवेज बसों के सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए विशेष तैयारी शुरू कर दी है। हरिद्वार समेत प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी, बसों की गति पर सख्त निगरानी रहेगी, चालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट होगा और यात्रियों की सुविधा के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेंगे।
अधिकारियों को स्पष्ट है कि 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और बसों का संचालन पूरी तरह सुरक्षित रहे। कांवड़ यात्रा की शुरुआत में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार जाते हैं। इसे देखते हुए हरिद्वार मार्ग पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जाने वाले मार्गों पर भी जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि 11 अगस्त को श्रावण शिवरात्रि का मुख्य पर्व है। इस दौरान आगरा, बरेली, मुरादाबाद, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, सहारनपुर, गोरखपुर और वाराणसी के मार्गों पर कांवड़ यात्रियों की आवाजाही सबसे अधिक रहेगी।
विशेष सतर्कता के साथ होगा संचालन
इन रूटों पर बसों का संचालन विशेष सतर्कता के साथ होगा। कांवड़ यात्रा वाले मार्गों के सभी बस स्टेशनों पर पेयजल, साफ शौचालय, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पूछताछ कक्ष, लाउडस्पीकर से नियमित घोषणाएं और खान-पान की सभी दुकानें सुचारु रूप से संचालित रहेंगी। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बसों की गति हर हाल में निर्धारित सीमा के भीतर रखी जाएगी।
अधिकारियों और कर्मचारियों से श्रद्धालुओं के साथ अच्छा व्यवहार करने, हर संभव सहायता देने और यह सुनिश्चित करने को कहा गया है है कि किसी भी स्थिति में रोडवेज बसों के कारण कांवड़ यात्रा का मार्ग बाधित न हो।
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक के अनुसार श्रावण में पहला सोमवार तीन अगस्त, दूसरा सोमवार 10 अगस्त, श्रावण शिवरात्रि 11 अगस्त, तीसरा सोमवार 17 अगस्त और चौथा सोमवार 24 अगस्त को पड़ेगा। इन सभी प्रमुख दिनों को देखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है। हर क्षेत्रीय मुख्यालय पर 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। बसों का संचालन जिला प्रशासन द्वारा तय किए गए डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों पर ही किया जाएगा।