SIR in UP: अब तक 25 लाख मतदाताओं को भेजा गया नोटिस, 28 जनवरी की तारीख कर लें नोट
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अब तक 25 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इन मतदाताओं की सुनवाई बुधवार से शुरू ...और पढ़ें

HighLights
25 लाख मतदाताओं को पुनरीक्षण अभियान के तहत नोटिस मिले।
पहले चरण की सुनवाई 28 जनवरी तक चलेगी, 1.04 करोड़ चिह्नित।
फरवरी में 2.22 करोड़ अन्य मतदाताओं को नोटिस जारी होंगे।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान के तहत अब तक 25 लाख मतदाताओं को नोटिस दिए जा चुके हैं। बुधवार से इन मतदाताओं की सुनवाई शुरू हो गई है। पहले चरण की सुनवाई 28 जनवरी तक चलेगी।
एसआइआर के तहत मतदाता सूची में 1.04 करोड़ ऐसे मतदाता चिह्नित किए गए हैं, जिनका वर्ष 2003 की मतदाता सूची से रिकार्ड नहीं मिल पाया है। इन मतदाताओं को ही अब नोटिस जारी किए जा रहे हैं। पहले दिन 3793 स्थलों पर सुनवाई की गई। इसके लिए कुल 9154 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें 403 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शामिल हैं।
फिलहाल, नोटिस पाने वाले मतदाताओं को सुनवाई के लिए सात दिन का समय दिया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, दूसरे चरण में 2.22 करोड़ ऐसे मतदाता चिह्नित किए गए हैं, जिन्हें “तार्किक विसंगति” की श्रेणी में रखा गया है। इन मतदाताओं को फरवरी माह में नोटिस जारी करने की तैयारी की है।