विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP Weather Today: गोरखपुर में बारिश के बाद उमस ने किया परेशान, प्रयागराज में बादलों ने दिलाई राहत, जानिए आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम

Published: Fri, 24 May 2024 07:24 AM (IST)

UP Weather Update यूपी में मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में भयंकर गर्मी ...और पढ़ें

गोरखपुर में बारिश से थोड़ी राहत तो मिली लेकिन धूप निकलते ही उमस शुरू हो गई। जागरण
गोरखपुर में बारिश से थोड़ी राहत तो मिली लेकिन धूप निकलते ही उमस शुरू हो गई। जागरण

डिजिटल डेस्‍क, लखनऊ। (UP Weather Update) उत्‍तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फ‍िर करवट बदली है। बीते कई दिनों से तापमान में कमी देखी जा रही थी लेकिन अब फ‍िर से तापमान ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आने वाले चार-पांच दिनों में तापमान 45 पार जा सकता है। आइए जानते हैं कि आज शुक्रवार को यूपी का मौसम कैसा रहेगा।

आगरा: 27 मई तक चलेगी लू, दिन के साथ रात भी रहेगी गरम

आगरा में सूरज के तीखे तेवरों से बीते कुछ दिनों से परेशान शहरवासियों को गुरुवार को राहत मिली। बुधवार शाम देहात में आई आंधी के बाद गुरुवार को दिन भर तेज हवा चलती रही। अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने 24 से 27 मई तक दिन के साथ ही रात गरम रहने और लू का प्रकोप रहने का आसार जताया है। शहर में 19 मई को अधिकतम तापमान बढ़कर 47.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। सीजन का सबसे गरम दिन रिकार्ड किया गया था। इसके बाद तापमान में निरंतर गिरावट दर्ज की गई है।

इसे भी पढ़ें- ISI एजेंट को सूचना देने वाले पूर्व नौ सेना कर्मी राम सिंह से एटीएस ने की पूछताछ, इन 10 लोगों का नाम आया है सामने

गोरखपुर में पहले बारिश ने गिराया पारा

गोरखपुर में मई अपनी प्रकृति के मुताबिक मौसम के विविध रंग दिखा रही है। पारा गिराकर गर्मी से राहत दे रही तो चटख धूप खिलाकर उमस के जरिये लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। गुरुवार को एक ही दिन में गर्मी के मौसम के विविध रंग देखने को मिले।

सुबह की शुरुआत कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी तो कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा से हुई तो दोपहर बाद खिली धूप ने नमी को साथ लेकर शहर का गर्मी सूचकांक बढ़ा दिया, जिसके चलते लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।

यही वजह रही कि मात्र 34.3 डिग्री तापमान पर लोगों को 38 से 40 डिग्री सेल्सियस की गर्मी का अहसास हुआ। गोरखपुर में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंंदाबांदी से लेकर हल्की वर्षा हो सकती है। देवरिया और बस्ती में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।

इसे भी पढ़ें- गंगा पुल पर जुलाई में चालू होगी एक लेन, इस वजह से बढ़ानी पड़ी थी ब्रिज की लंबाई

बरेली में शुक्रवार को मौसम साफ होगा। वहीं कानपुर में हल्के बादल छाए रहेंगे। उमस वाली गर्मी बनी रहेगी। अंबेडकर नगर जिले में नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा.अमरनाथ मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस सप्ताहभर पूर्वी हवा चलने व औसत तापमान सामान्य के आसपास रहने के आसार हैं।

अमेठी जिले में कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डा. आरके आनंद के अनुसार शुक्रवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। गोंडा में वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. उपेंद्रनाथ सिंह के अनुसार मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। शुक्रवार को धूप रहेगी, दोपहर बाद बादल दिख सकते हैं। धूल भरी हवा चलने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

मेरठ में मौसम विभाग के अनुसार हल्के बादलों के बीच धूप भी खिलेगी। इसके अलावा आर्द्रता 40 प्रतिशत रहेगी। बागपत में तापमान में बढ़ोतरी होगी। हवा की तीव्रता 10 से 15 किमी प्रति घंटा से अधिक रहेगी। आर्द्रता 72 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

प्रयागराज में बादलों ने दिलाई गर्मी से राहत

प्रयागराज में पिछले दस दिनों से जारी प्रचंड गर्मी से गुरुवार को बड़ी राहत मिली। बादलों की घेराबंदी ने तापमान के बढ़ते कदमों को रोक लिया। गर्म हवाओं के थपेड़े नहीं पड़े तो पारा चार डिग्री लुढ़क गया। शुक्रवार को बादलों की घेराबंदी नहीं रहेगी पर गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि 25 मई से फिर गर्म हवाओं के थपेड़े पड़ने शुरू होगे, जो गर्मी को फिर से बढ़ा देंगे।

प्रयागराज पिछले दस दिनों से प्रचंड गर्मी की चपेट मे हैं। लगातार लू के प्रकोप की वजह से अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार पहुुच गया। हालांकि 20 मई से तापमान में गिरावट आनी शुरू हुई और गुरुवार को सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री से लुढ़कर गुरुवार को 37.4 डिग्री हो गया। वहीं न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आसमान में बादल व बूंदाबांदी ने दी भीषण गर्मी से राहत

वाराणसी में पूर्वांचल में लगातार गर्मी के प्रकोप के बीच गुरुवार को मौसम के बदले रुख से लोगों को खूब राहत मिली। दिनभर बादल व शाम को कही तेज तो कहीं हल्की बारिश के कारण तापमान में भी काफी गिरावट हुई। इससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली और मौसम ठंडा हो गया। इस दौरान ठंडी हवाएं चलीं तो थोड़ी देर बाद बादल उड़ भी गए। हालांकि, थोड़ी देर के लिए ही सही लेकिन बरसात ने गर्मी से राहत दे दी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।