यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP Weather On New Year: नए साल पर पड़ेगी हाड़ कंपा देने वाली ठंड, मौसम विभाग का अलर्ट जारी
यूपी में अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 29 और 30 दिसंबर को प्रदेश के अधिकांश ...और पढ़ें

लखनऊ, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश में नए साल की शुरुआत ठंड और कोहरे के साथ होगी। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के लिए प्रदेश में शुष्क मौसम रहने की संभावना जताई है। हालांकि, सुबह और देर रात के समय हल्के से मध्यम कोहरे का भी अनुमान लगाया गया है।
आपको बता दें कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 दिसंबर को घने कोहरे की संभावना है। इसके बाद 31 दिसंबर से चार जनवरी तक सुबह और रात के समय हल्के से मध्यम कोहरे का असर देखने को मिलेगा। ठंडी हवाओं और कोहरे की वजह से तापमान में गिरावट बनी रह सकती है। इस दौरान लोगों को अपनी सेहत का खास ख्याल रखने की जरूरत होगी।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 दिसंबर को घने कोहरे की चेतावनी जारी कर दी है। 31 दिसंबर से लेकर चार जनवरी तक हल्के से मध्यम कोहरे का असर देखने को मिलेगा। हालांकि दिन में धूप खिलने की संभावना है, जिससे कुछ हद तक लोगों को ठंड से राहत मिल सकती है।

यातायात पर असर, सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने घने कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की भी संभावना जताई है। वाहन चालकों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर सुबह और देर रात के समय वाहन चलाते वक्त फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की भी अपील की गई है।
खबरें और भी
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अब प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की ठंड और कोहरे का असर अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा। दिन में धूप खिलने से राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।
आपको बता दें कि 29 और 30 दिसंबर को प्रदेश के अधिकांश जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरा घना रहेगा।
नए साल का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम वैज्ञानिकाें ने बताया कि एक जनवरी से चार जनवरी तक उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान सुबह और रात के समय हल्का कोहरा छा सकता है। नए साल पर ठंड का असर बरकरार रहेगा, लेकिन दिन में खिली धूप कुछ राहत प्रदान कर सकती है। मौसम विभाग ने घने कोहरे के दौरान लंबी यात्रा से बचने और आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी है।