यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 19, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP Weather Today: कानपुर में 17 तो प्रयागराज में 11 की Heat Wave से मौत, गर्मी से नहीं मिल रही राहत, जानिए आज यूपी के मौसम का हाल
UP Weather Update यूपी में मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश में मानसून की दस्तक होने वाली है लेकिन इससे पहले गर्मी ने लोगों की हालत खराब कर दी है। व ...और पढ़ें

HighLights
- यूपी में चार दिन तक लू से राहत मिलने के नहीं हैं आसार
- उमस और तापमान अधिक होने से बेचैन रहे शहरवासी
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। (UP Weather Update) उमस भरी गर्मी में मौसम का मिजाज बदल गया है। मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में बौछारें पड़ने से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। वहीं बुधवार को गोरखपुर सहित अन्य जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं। आइए जानते हैं कि यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम...
आगरा: रात में वर्षा, दिन में धूप, शाम को छाए बादल
आगरा में भीषण गर्मी से जूझ रहे शहरवासियों को हाल-फिलहाल गर्मी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों तक लू का प्रकोप रहने का आसार जताया है। बुधवार व गुरुवार को दिन के साथ रात भी गरम रहेगी। सोमवार रात वर्षा होने के बाद भी मंगलवार को अधिकतम तापमान व उमस अधिक होने की वजह से शहरवासी बेचैन रहे। सोमवार रात एक से दो बजे के मध्य तेज हवा के साथ वर्षा हुई थी।
प्रदेश में चौथे स्थान पर रहा आगरा
क्रम, जिला, अधिकतम तापमान
1, उरई, 46.4
2, कानपुर, 46.3
3, अलीगढ़, 45.4
4, आगरा, 45.2
इसे भी पढ़ें-आगरा के चिलर प्लांट में अमोनिया गैस रिसाव से तीन घंटे दहशत में रहे दो गांव के लाेग, घर छोड़कर भागे
बरेली 138 साल में तीसरी बार सबसे गर्म रात
बरेली में वर्ष 1887 से लेकर अब तक इतनी भयानक गर्म रात केवल तीन बार हुई है। पहली बार 1993, दूसरी बार 1995 और तीसरी बार सोमवार की रात सबसे गर्म दर्ज की गई। सोमवार रात का तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसकी वजह से लोगों को पंखे कूलर तो दूर एसी में भी सुकून नहीं मिल रहा था। रात को अचानक हवा बंद होने की वजह से उमस भी भयानक थी।
गोरखपुर में बुधवार को मौसम साफ रहेगा। उमस भरी प्रचंड गर्मी पड़ेगी। देवरिया और बस्ती में भी बादल छाए रहने और उमस भरी गर्मी पड़ने पूर्वानुमान है।
कानपुर में नहीं थम रहा गर्मी का कहर
कानपुर में नौतपा में आम लोगों को झुलसाने के बाद भी गर्मी से राहत मिलती नहीं नजर आ रही है। सुबह 9 बजे से ही पारा चढ़ने लगता है, जिसके चलते आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो जाता है। गर्मी का सितम इस कदर है कि रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो रही हैं। इनमें से कई ज्ञात और अज्ञात के शव पोस्टमार्टम हाउस पहुंच रहे हैं। मंगलवार को हेड कांस्टेबल समेत 17 लोगों के गर्मी से मौत की आशंका जताई जा रही है।
खबरें और भी
तप्त पछुआ हवाएं ढा रही कहर , कल मिल सकती है आंशिक राहत
मेरठ में सूर्य देव के प्रचंड तेवर जारी है। गर्मी के कहर से मुक्ति के लिए लोग ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं। 10 दिन बीत गए हैं लेकिन पारा 41.5 डिग्री से नीचे नहीं गिरा है। मंगलवार को भी तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
सोमवार की रात सीजन की सबसे गर्म रही। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: सामान्य से सात और छह डिग्री अधिक रहा। भीषण लू की स्थिति बनी हुई है। गुरुवार को मौसम में बदलाव हो सकता है तापमान में आंशिक कमी आएगी।
इसे भी पढ़ें-मां ने निभाया पिता का दायित्व, बेटे के हौसले को दी उड़ान, बनाया अफसर
दिन भर उमस व गर्मी की तपन से बेहाल, रात में वर्षा से निहाल
वाराणसी में हल्की सी पुरवाई का झोंका, गर्म पछुआ से टकराया तो बने बादल दिन भर की लुका-छिपी के बाद देर रात को बरस ही पड़े। लगातार 18-20 दिनों से 45 के पार चल रहा पारा मंगलवार को सरक कर 43.1 पर आया तो जरूर लेकिन पूरे दिन बादलों की महीन ओट से छन कर आती तपन ने उमस भरी गर्मी से लोगों को बेहाल कर रखा था।
रात में जब वर्षा की बूंदों ने कहीं झमाझम तो कहीं बूंदाबांदी कर शीतल बयार का झोंका बहाया तो पूरे दिन पसीना पोंछते काशीवासी निहाल हो उठे और ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष कर इस पहली वर्षा का स्वागत किया। वातावरण में बढ़ी आर्द्रता के कारण अगले 24 घंटों में यानी बुधवार को भी वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।
हालांकि तेज हवा के साथ यह बूंदाबांदी स्थानीय सक्रियता का परिणाम है फिर भी इससे प्री-मानसूनी गतिविधियाें को बढ़ने का अवसर मिलेगा और मानसून की गति भी बढ़ सकती है।