UP Weather Today: लखनऊ समेत 25 जिलों में तीन दिनों तक होगी भारी बारिश, सितंबर में बदलेगा मौसम का मिजाज
लखनऊ समेत पूर्वी और दक्षिणी यूपी के 25 जिलों में 1 से 3 सितंबर तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।

25 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट।
HighLights
लखनऊ समेत 25 जिलों में भारी बारिश, वज्रपात का अलर्ट।
1 से 3 सितंबर तक पूर्वी-दक्षिणी यूपी में मध्यम से भारी वर्षा।
अगस्त में सामान्य से 24% अधिक बारिश, शुक्रवार से मानसून कमजोर।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी में पिछले तीन-चार दिन से मानसून कमजोर पड़ गया है, लेकिन सितंबर के पहले सप्ताह में मौसम का मिजाज बदलेगा।
एक से तीन सितंबर तक लखनऊ और सुल्तानपुर समेत पूर्वी एवं दक्षिणी यूपी में मध्यम से भारी वर्षा को लेकर अलर्ट किया गया है। इस दौरान 25 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को बांदा, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रवि दास नगर, रायबरेली, सुल्तानपुर, अमेठी, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और आसपास के कई जिलों में भारी वर्षा के पूर्वानुमान हैं।
गुरुवार तक इन जिलों में अच्छी बारिश के संकेत मिल रहे हैं। शुक्रवार रात या शनिवार से मौसम फिर करवट लेगा और मानसूनी सक्रियता में कमी होगी। सोमवार को मुरादाबाद में सर्वाधिक 149 मिमी बारिश हुई, जबकि प्रयागराज में 132 मिमी, चित्रकूट में 67 मिमी वर्षा हुई।
लखनऊ में दिनभर छाए बादल, शाम को झमाझम बारिश
राजधानी में सोमवार को सुबह से ही बादलों की आवाजाही के बीच कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। दोपहर बाद हल्की उमस बढ़ी, लेकिन देर शाम मौसम अचानक बदला और काले बादल छाए रहने के साथ करीब 30 मिनट तक जोरदार बारिश हुई। हल्की हवा के साथ हुई बरसात से मौसम काफी अच्छा हो गया और लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिली।
गोमतीनगर, हजरतगंज, निशातगंज समेत शहर के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है। अधिकतर जिलों में तापमान की यही स्थिति रही। मंगलवार को दिन का पारा 30 डिग्री सेल्सियस रहने के पूर्वानुमान हैं।
अगस्त में सामान्य से 24 प्रतिशत अधिक बरसे बादल
मौसम विभाग के मुताबिक, अगस्त माह में उम्मीद से अधिक बारिश हुई। एक अगस्त से 31 अगस्त तक प्रदेश में सामान्य वर्षा 235.5 मिमी की तुलना में 291.3 मिमी यानी करीब 24 प्रतिशत अधिक बरसात हुई है। इसमें पूर्वी यूपी में सामान्य से 20 प्रतिशत और पश्चिमी यूपी में 29 प्रतिशत बादल अधिक बरसे हैं। एक जून से 31 अगस्त तक सामान्य से 0.7 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
