विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 19, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP Weather Update: दो दिन और कोहरे का असर... फिर बदलाव, मौनी अमावस्या तक कैसा रहेगा मौसम; देखें अपडेट

Published: Sun, 19 Jan 2025 07:48 AM (IST)

UP Weather Update उत्तर प्रदेश में कोहरे की चादर के बाद अब मौसम साफ होने जा रहा है। दोपहर में ...और पढ़ें

UP Weather Update: यूपी में कोहरे का असर देखने को मिल रहा है।
UP Weather Update: यूपी में कोहरे का असर देखने को मिल रहा है।

HighLights

  1. कड़ाके की ठंड से जल्द मिलेगी राहत
  2. कोहरा दो दिन बाद छंटने से मौसम रहेगा साफ

जागरण संवाददाता, लखनऊ। UP Weather Update: लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में देर रात और सुबह कोहरे का असर जारी है। शनिवार को सुबह ठिठुरन रही। दोपहर बाद धूप खिली, लेकिन सर्द हवाओं से लोगों ने ठंड महसूस किया।

प्रदेश में सबसे कम बुलंदशहर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को देर रात और सुबह कोहरा रहेगा। इसके बाद मौसम साफ होने लगेगा। प्रदेश में कुछ जिलों में घने कोहरे को लेकर भी मौसम विभाग ने अलर्ट किया है।

सर्दी से बचाव के लिए अलाव के पास बैठे लोग।

इन जिलों में कोहरे का असर

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश में कहीं- कहीं कोहरा रहेगा। सोमवार से मौसम पूरी तरह से साफ हो जाएगा। 19 से 20 जनवरी तक बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदासनगर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, कानपुर देहात, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, झांसी और आसपास के इलाकों में कोहरा रहेगा। सोमवार से पूरे प्रदेश में मौसम साफ हो जाएगा।

मौनी अमावस्या तक खिला रहेगा मौसम, श्रद्धालुओं के लिए अनुकूल स्थिति

महाकुंभ में 29 जनवरी को मौनी अमावस्या महास्नान के दौरान मौसम श्रद्धालुओं का साथ देगा। अध्यात्म और संस्कृति के इस महापर्व का वातावरण सूर्य की आभा से प्रफुल्लित रहेगा। हालांकि, रात में ठंड का प्रभाव बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 15 दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। शनिवार और रविवार को हल्के कोहरे की संभावना है, लेकिन दिन में धूप से श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।

सूर्यदेव की चमक से श्रद्धालुओं को राहत, रात में बनी रहेगी ठंड

पिछले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में आठ डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। बुधवार को जहां तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस था, वहीं शुक्रवार को यह 22.6 डिग्री तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान हालांकि अभी भी 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री था और शनिवार को इसके 12 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मौसम खुलने और धूप निकलने से महाकुंभ क्षेत्र में गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है। श्रद्धालु सुबह संगम में डुबकी लगाकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः मथुरा में कड़ाके की सर्दी का कहर, ठंड से तीन लोगों की मौत! दो दिन में दिखे तीखे तेवर से कंपकंपी छूटी

ये भी पढ़ेंः दिल्ली-यूपी में शीतलहर से ठिठुरे लोग, कश्मीर-हिमाचल में बर्फबारी का दौर; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

श्रद्धालुओं को मिलेगा प्रकृति का साथ

श्रद्धालुओं की चहल-पहल और संगम तट पर उमड़ती भीड़ महाकुंभ की भव्यता को दर्शा रही है। प्रशासन और स्वयंसेवक मिलकर व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में जुटे हैं। स्पष्ट है कि महाकुंभ में मौनी अमावस्या महास्नान के दौरान श्रद्धालुओं को प्रकृति का साथ मिलेगा। सूर्यदेव की कृपा और प्रशासन की तैयारियां इस पर्व को और अधिक भव्य बनाएंगी।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।