विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 19, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मथुरा में कड़ाके की सर्दी का कहर, ठंड से तीन लोगों की मौत! दो दिन में दिखे तीखे तेवर से कंपकंपी छूटी

Published: Sun, 19 Jan 2025 07:22 AM (GMT+05:30)

Mathura News मथुरा में कड़ाके की ठंड ने तीन लोगों की जान ले ली है। एक बुजुर्ग की पहचान आधार ...और पढ़ें

प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

HighLights

  1. वृंदावन के परिक्रमा मार्ग में मिला बुजुर्ग का शव, काम की तलाश में भटक रहा था
  2. ट्रेन के अंदर बुजुर्ग की मृत्यु
  3. भरतपुर तिराहे पर भी रात में युवक की मृत्यु

जागरण संवाददाता, मथुरा। सर्दी लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार को गलन ने ठंडी हवाओं ने हाड़ कंपा दिए। सुबह और शाम तो घर से निकलना मुश्किल हो गया। सर्दी के कहर के बीच तीन लोगों की मृत्यु हो गई, उनकी मृत्यु ठंड लगने से होने की आशंका जताई जा रही है। एक की पहचान आधार कार्ड से हो गई, लेकिन दो की पहचान नहीं हो पाई है।

वृंदावन के परिक्रमा मार्ग में स्थित राधारानी कांप्लेक्स के समीप शनिवार सुबह एक 64 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला। वह एक पुराना स्वेटर और पैंट शर्ट पहने थे। उनके कपड़े से मिले आधार कार्ड से उनकी पहचान अमृतसर निवासी सतनाम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कई दिनों से क्षेत्र में काम की तलाश कर रहे थे। शुक्रवार की शाम लोगों ने उन्हें भोजन दिया, बाद में वह रात में यहीं सो गए। सुबह वह मृत अवस्था में मिले, इससे उनकी ठंड से मृत्यु की आशंका जताई जा रही है।

ट्रेन में मिला एक शव

उधर, शुक्रवार रात तकरीबन 11 बजे अलवर पैसेंजर ट्रेन मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या सात पर पहुंची। ट्रेन में शव होने की सूचना पर डीवाईएसएस अजय शर्मा मौके पर पहुंचे। शव बोगी के अंदर दोनों सीटों के बीच में खाली पड़ी गैलरी के फर्श पर पड़ा था। ट्रेन से शव को बाहर निकाला गया। डाक्टरों ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया। जीआरपी के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष प्रतीत हो रही है। तलाशी में मृतक के पास से कोई ऐसा दस्तावेज एवं टिकट आदि नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके। शनिवार शाम छह बजे तक शव की पहचान नहीं हो सकी है।

शव की पहचान नहीं हो सकी

जीआरपी थाने के उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस को आशंका है कि शायद ठंड से मृत्यु हुई हो। वहीं हाईवे थाना क्षेत्र में भरतपुर तिराहे पर शुक्रवार मध्य रात्रि के बाद ढाई बजे एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की उम्र 40 वर्ष बताई गई है। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम बाद ही पता चल सकेगा।

मुख्य आरक्षी दीपक सिंह चौहान ने बताया, पहचान के लिए मृतक के फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए गए हैं। पहचान के बाद नाम व पते की जानकारी हो सकेगी।

भीषण ठंड से सहमा जनजीवन, गलन-हवा के गठजोड़ से कांपे हाड़

दो दिन से भीषण ठंड पड़ने लगी है। रात्रि से लेकर दोपहर तक भीषण ठंड से जनजीवन सहम गया। गलन और हवा के गठजोड़ से लोगों के हाड़ कांपते रहे। हाल यह था कि गर्म कपड़ों से लैस होने के बाद भी लोगों के शरीर से सिहरन सी छूट रही थी। आसमान से ओस की बूंद टपकती रहीं। असहनीय होती ठंड से बच्चे एवं वृद्धजनों को खासी मुश्किल हो रही है। अधिकांश लोगों ने सुबह सवेरे टहलना तक बंद कर दिया है। दोपहर बाद धूप खिलने से कुछ राहत मिली। पारा आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ेंः दिल्ली-यूपी में शीतलहर से ठिठुरे लोग, कश्मीर-हिमाचल में बर्फबारी का दौर; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

ये भी पढ़ेंः देह व्यापार की सूचना पर होटल वाई-वाई पहुंचे अफसर तो रह गए दंग, कमरे में कपल की हालत देखकर सीज किया Hotel

दो दिन में ठंड ने दिखाए तेवर

अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दो दिन से ठंड उग्र हो गई है। शुक्रवार की रात्रि 10 बजे के बाद ठंड के तेवर तीखे हो गए थे। गलन भी बढ़ गई थी। रात्रि में कमरों के गेट खुलने के साथ ही हवा से लोगों में ठिठुरन पैदा हो रही थी। रात्रि में सफर करने वालों को ठंड ने बेहाल कर दिया था।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।