राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी का विवाद: विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा- FIR की मांग जल्दबाजी
विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के विवाद पर कहा कि एसआईटी जांच चल रही है और 15 दिनों में ...और पढ़ें

जेएनएन, रायपुर। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने रविवार को रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर से जुड़े मामले में एसआईटी जांच कर रही है और 15 दिनों के भीतर इसकी रिपोर्ट आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले एफआईआर दर्ज करने की मांग करना जल्दबाजी होगी।
आलोक कुमार ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में लागू की गई व्यवस्था विशेषज्ञों की राय के आधार पर बनाई गई थी। यदि जांच में किसी प्रकार की खामी या कमी सामने आती है, तो उसकी पुनः समीक्षा की जाएगी और आवश्यकतानुसार नई व्यवस्था लागू की जाएगी।
रायपुर के रामनगर, कोटा स्थित एक निजी परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में आलोक कुमार ने कहा कि श्रीराम मंदिर से जुड़े विषय पर पारदर्शी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी, ताकि तथ्यों के आधार पर उचित निर्णय लिया जा सके।
अखिलेश खुद सुप्रीम कोर्ट में याचिका क्यों नहीं दायर करते
उन्होंने आगे कहा कि अखिलेश यादव को इस मुद्दे पर राजनीति करने की आदत है। हिंदुत्व से जुड़े विषयों पर निम्न स्तर की राजनीति करने के बजाय उन्हें रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए। यदि उन्हें कोई आपत्ति थी, तो वे स्वयं सुप्रीम कोर्ट क्यों नहीं गए? उन्हें खुद सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करना चाहिए।
खबरें और भी
गौरतलब है कि पुलिस ने मंदिर से जुड़े एक कर्मचारी लवकुश मिश्रा के घर छापेमारी के दौरान करीब 10 से 12 लाख रुपये नकद बरामद किए जाने की जानकारी दी है।