विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

80वें स्वतंत्रता दिवस पर CM योगी आदित्यनाथ का संबोधन, बोले- विकास, समाज की अंतिम पंक्ति का कल्याण और सशक्त UP का संकल्प

Published: Sat, 15 Aug 2026 12:13 PM (IST)

CM योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर यूपी में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने विकास, अंतिम व्यक्ति के कल्याण, महिला-किसान-युवा सशक्तिकरण और विरासत संरक्षण पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

HighLights

  1. सीएम योगी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण कर बधाई दी।

  2. विकास, अंतिम व्यक्ति का कल्याण और सशक्त यूपी पर जोर।

  3. महिला, किसान, युवा सशक्तिकरण व विरासत संरक्षण का संकल्प।

डिजिटल डेस्क, जागरण, लखनऊ। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश में हर्षोल्लास और देशभक्ति का माहौल है। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश व देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का विकास हो रहा है। आज हर सेक्टर में विकास हो रहा है। सभी लोगों को साथ मिलकर चलना होगा। वीर बलदानियों ने हमें आजादी दिलाई। यूपी की धरती से आजादी का बिगुल शुरू हुआ था। आजादी की लड़ाई यूपी के बगैर अधूरी थी।

उन्होंने कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ तभी है, जब समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को उसका अधिकार और सम्मान मिले। इसी सोच के साथ सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही है। ऑपरेशन कायाकल्प के जरिए प्राथमिक विद्यालयों में 19 मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रदेश में स्कूल ड्रॉपआउट रेट 20 प्रतिशत से घटकर करीब 3 प्रतिशत रह गया है।

उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की पहली पंक्ति का योद्धा बताते हुए कहा कि शिक्षकों और उनके परिजनों के कैशलेस इलाज की व्यवस्था भी की गई है। डीबीटी के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों के खातों में पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 65 लाख से अधिक लोगों को आवास और 3 करोड़ से ज्यादा लोगों को शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। करीब 16 करोड़ लोगों को निशुल्क खाद्यान्न दिया जा रहा है। विभिन्न जनजातियों को भी सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। 57,600 ग्राम पंचायतों को ग्राम सचिवालय से जोड़ा गया है।

महिला सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों की महिलाएं और बेटियां स्वरोजगार से जुड़ रही हैं। ड्रोन तकनीक के जरिए खेती को आसान बनाने में भी महिलाएं भागीदारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की नारी शक्ति विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ अभियान को नई गति मिली है और महिलाओं की पंचायत तथा पुलिस में भागीदारी बढ़ी है।

किसानों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान का सम्मान देश के अन्न का सम्मान है। विभिन्न योजनाओं के जरिए किसानों को लाभ दिया जा रहा है। सरकार ने किसानों को बिचौलियों से राहत दिलाने की दिशा में काम किया है। प्रदेश में 24 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि के लिए सिंचाई की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।

यह भी पढ़ें- 80वें स्वतंत्रता दिवस पर CM योगी आदित्यनाथ ने किया ध्वजारोहण, अखिलेश यादव ने भी दी देशवासियों को बधाई

युवाओं को प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा प्रतिभाशाली और मेहनती है। सरकार ने नकल माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। एआई और मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द नई यूथ पॉलिसी लाने जा रही है, जिसके जरिए स्किल और इनोवेशन से जुड़ी नई सुविधाएं युवाओं को मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसा उत्तर प्रदेश बना रही है, जहां विरासत के साथ भविष्य की तकनीक का भी समावेश हो. प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों और विरासतों के संरक्षण का काम आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में 156 करोड़ पर्यटक उत्तर प्रदेश आए। सारनाथ के वर्ल्ड हेरिटेज सूची में शामिल होने को भी उन्होंने प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।