सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूट्यूबर शिक्षक नवीन शर्मा को कराया पार्टी में शामिल
Samajwadi Party Joining: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को 50 से अधिक लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। ...और पढ़ें

अखिलेश यादव ने रविवार को 50 से अधिक लोगों को समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई
HighLights
रविवार को 50 से अधिक लोगों ने ली सपा की सदस्यता
कई प्रधान और ब्लॉक प्रमुख भी समाजवादी पार्टी में शामिल
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बेहद गंभीर है। पार्टी ने मार्च से प्रचार का कार्यक्रम प्रारंभ करने के साथ सदस्यता अभियान को भी बढ़ा दिया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को 50 से अधिक लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी कार्यालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले यूट्यूबर शिक्षक नवीन शर्मा को सदस्यता दिलाई। सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र से जुड़े शर्मा के शामिल होने पर उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की जितनी पीड़ा बढ़ेगी उतना ही पीडीए आगे बढ़ेगा। लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी में शामिल होने वालों का आभार भी जताया। लखनऊ में कई प्रधान और ब्लॉक प्रमुख भी समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। इन नेताओं ने सपा की नीतियों पर आस्था जताते हुए भाजपा, राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) और राष्ट्रीय स्वाभिमान पार्टी छोड़कर पार्टी में शामिल होने का फैसला किया।
सदस्यता लेने वालों में बागपत के रवि बैंसला (प्रधान कांशीराम), बुलंदशहर के कोचिंग शिक्षक नवीन शर्मा, गाजियाबाद के एडवोकेट वीरेन्द्र सिंह, मोटिवेशनल स्पीकर अमर चौधरी और गौतमबुद्धनगर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट महेश नागर प्रमुख रहे। इनके साथ राहुल सिंह (पूर्व जिलाध्यक्ष/पूर्व प्रत्याशी रालोद), भोपाल सिंह, महेंद्रपाल (पूर्व डिप्टी एसपी), करण पाल सिंह भुइयार, अर्जुन सिंह, दिलावर सिंह, बलजीत शास्त्री और सुरेंद्र सिंह समेत अन्य कई नेताओं ने सदस्यता ली। इसके अतिरिक्त सूरज सिंह, रविंद्र सिंह, नितिन कुमार, रोहित कुमार, संजीव कुमार, धर्मेंद्र कुमार, रामलाल वाल्मीकि, देवेश चौधरी, बलराम सिंह, कामेंद्र सिंह, ठाकुर सतीश गहलौत सहित अनेक पदाधिकारियों और समर्थकों ने भी सपा का दामन थामा। अखिलेश यादव ने कहा कि नए साथियों के आने से पार्टी और मजबूत होगी तथा 2027 में प्रदेश से भाजपा सरकार का सफाया होगा। अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कहा कि हम कोशिश कर रहे ज्यादा से ज्यादा लोग समाजवादी पार्टी जुड़ें।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रात में उत्तर प्रदेश की धरती से उड़कर सिंगापुर और जापान जा रहे हैं। जिन दो लोगों को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने का मन है, वह सौ विधायक लाकर मुख्यमंत्री बन जाएं। यह उन लोगों के लिए एक हफ्ते का ऑफर है।
केशव प्रसाद मौर्य को सीएम पद का ऑफर
अखिलेश यादव ने कहा कि हम पहले भी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को सीएम पद का ऑफर दे चुके हैं। चलो एक बार फिर दे देते हैं। इससे अच्छा ऑफर उन्हें कहीं नहीं मिलेगा। जहां अखिलेश यादव पहले सिर्फ केशव प्रसाद मौर्य को पार्टी से जोड़ने की बात करते थे, अब इस लिस्ट में उन्होंने ब्रजेश पाठक को भी शामिल कर लिया है।
यह भी पढ़ें- समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव बोले, मुझसे गलती हुई ; स्वामी रामभद्रचार्य को भेजना चाहिए था जेल
अखिलेश यादव ने भाजपा पर फर्जी और एडिटेड वीडियो चलाकर नफरत फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने 2014 की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में निर्दोष लोगों को जेल तक जाना पड़ा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं के साथ अन्याय किया जाता है।