महराजगंज: नवोदय विद्यालय में छात्र को परोसी गई थाली में मिला मरा हुआ मेंढक, अभिभावकों और छात्रों में आक्रोश
महराजगंज के जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्रों को परोसे गए नाश्ते में मृत मेंढक मिलने से हड़कंप मच गया।

नवोदय विद्यालय महराजगंज में छात्र की थाली में मिला मेंढक
HighLights
नवोदय विद्यालय के नाश्ते में मिला मृत मेंढक।
छात्रों ने नाश्ता छोड़ हंगामा किया, अभिभावक नाराज।
मामले की जांच हेतु समिति गठित, DM ने दिए आदेश।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। जवाहर नवोदय विद्यालय महराजगंज में रविवार की सुबह करीब नौ बजे छात्रों को नाश्ते में परोसे गए चावल में मरा हुआ मेंढक मिलने से हड़कंप मच गया। कक्षा छह के एक छात्र की थाली में मेंढक मिलने के बाद वह शोर मचाने लगा। इसके बाद अन्य छात्रों ने भी अपनी थालियां जांचनी शुरू कर दीं।
नाराज छात्रों ने नाश्ता करना बंद कर दिया और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे विद्यालय प्रशासन ने छात्रों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद नाश्ता फेंकवा कर पुनः बनवाया गया। विद्यालय में कक्षा छह से 12 तक करीब 510 विद्यार्थी आवासीय परिसर में रहकर पढ़ाई करते हैं।
उनके लिए नाश्ता और भोजन विद्यालय परिसर में ही तैयार कराया जाता है। रविवार सुबह नाश्ते के लिए कक्षा छह से आठ तक के 100 छात्र हाल में बैठे थे, जिन्हें विद्यालय के कर्मचारी छोला- चावल परोस रहे थे। इसी दौरान कक्षा छह के एक छात्र की थाली में रखे गए चावल में मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया। इसके बाद वह शोर मचाने लगा। मेंढक मिलने की जानकारी होते ही छात्रों में अफरातफरी मच गई और उन्होंने नाश्ता करना बंद कर दिया।
हंगामे की सूचना मिलते ही विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। बाद में मामले की जानकारी अभिभावकों को हुई तो कुछ लोग विद्यालय पहुंच गए। उन्होंने भोजन व नाश्ते की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर नाराजगी जताई। प्रभारी प्रधानाचार्य धीरज कुमार ने बताया कि प्रकरण की जांच के लिए शिक्षक और मेस इंचार्ज माधव प्रसाद, अनिल मौर्य और ज्योति के नेतृत्व में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।
तीन दिनों के अंदर जांच रिपोर्ट मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकरण में दोषी मिलने पर नियमित कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई और दैनिक कर्मचारियों को सेवा से हटाने की संस्तुति की जाएगी।
उन्होंने बताया कि छात्रों के स्वास्थ्य की भी जांच कराई गई है। सभी बच्चे स्वस्थ हैं। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि नवोदय विद्यालय में खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
नवोदय विद्यालय प्रशासन के जिम्मे हैं रसोई की व्यवस्था
नवोदय विद्यालय के रसोई घर का संचालन विद्यालय प्रशासन द्वारा स्वयं किया जाता है। कक्षा छह से 12 तक के कुल 510 छात्रों का भोजन और नाश्ता बनाने के लिए 12 कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं।
इनमें कुछ नियमित और कुछ दैनिक पारिश्रमिक पर रखे गए हैं। मेस इंचार्ज विद्यालय के शिक्षक माधव प्रसाद को बनाया गया है। सुबह चावल में मेंढक मिलने के बाद यहां की व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो गया है।
यह भी पढ़ें- प्रेमिका के हंगामे के बाद प्रेमी गिरफ्तार, महराजगंज में शादी से मुकरने पर विवाद
