महराजगंज में गरजा बुलडोजर: अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप, 40 डिसिमिल जमीन मुक्त
महराजगंज के नौतनवा तहसील में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनौली नगर पंचायत के त्रिलोकपुर में 40 डिसमिल सरकारी खलिहान भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराय ...और पढ़ें
HighLights
नौतनवा तहसील में 40 डिसमिल सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त।
सोनौली के त्रिलोकपुर में खलिहान भूमि पर चला बुलडोजर।
नायब तहसीलदार के नेतृत्व में अवैध निर्माण ध्वस्त, भूमि मुक्त।
जागरण संवाददाता, नौतनवा, (महराजगंज)। अतिक्रमण और भूमाफियाओं के विरुद्ध चल रहे अभियान के तहत नौतनवा तहसील क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सोनौली नगर पंचायत के त्रिलोकपुर में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर 40 डिसमिल सरकारी जमीन को कब्जाधारियों के चंगुल से मुक्त करा लिया। त्रिलोकपुर में खलिहान की सरकारी भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा कर कच्चे मकान और बाउंड्रीवाल का निर्माण कर लिया गया था।
नगर पंचायत प्रशासन की ओर से कब्जाधारियों को कई बार नोटिस जारी कर सरकारी जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए, कब्जाधारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
टीम ने बुलडोजर की मदद से सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया। नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि कई बार नोटिस देने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया था।
यह भी पढ़ें- महराजगंज: भारत-नेपाल सीमा पर फल-फूल रहा तस्करी का धंधा, शराब का हब बने सरहदी गांव
प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को मुक्त कराया है। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।