महराजगंज सदर के विधायक जी का रिपोर्ट कार्ड: सड़क व पुल-पुलिया का जाल, बाढ़ व जंगली जानवरों की समस्या बरकरार
महराजगंज सदर विधानसभा क्षेत्र में पिछले चार वर्षों में सड़क, बस स्टेशन और स्वास्थ्य केंद्रों सहित आधारभूत ढांचे का विकास हुआ है। हालांकि, बलिया नाला प ...और पढ़ें

जयमंगल कन्नौजिया, विधायक सदर। जागरण
HighLights
सदर विधानसभा में आधारभूत ढांचे का हुआ सुदृढ़ीकरण।
हाईटेक बस स्टेशन और स्वास्थ्य केंद्र का हुआ निर्माण।
बाढ़, जंगली जानवर, जलभराव जैसी समस्याएं बरकरार।
विश्वदीपक त्रिपाठी, महराजगंज। बीते चार वर्ष में महराजगंज सदर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचा सुदृढ़ हुआ। सड़क, नाली, इंटरलाकिंग, धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार जैसे महत्वपूर्ण कार्य हुए। जिला मुख्यालय पर दशकों पुराने जर्जर बस स्टेशन के स्थान पर हाईटेक बस स्टेशन बना। आडिटोरियम का निर्माण चल रहा है,जिससे शहर में आने वाले दिनों में सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा।
गोपाला में 133 केवीए के पावर स्टेशन का निर्माण, लक्ष्मीपुर एकडंगा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना, मेडिकल कालेज से फरेंदा-महराजगंज मार्ग तक फोर लेन सड़क की स्वीकृति सहित कई कार्य विकास की गवाही दे रहे हैं। बाढ़ के दंश से रोकथाम के लिए चेहरी गांव तथा केवलापुर खुर्द स्थित राजगढ़ माता मंदिर क्षेत्र में बोल्डर पिचिंग कराई गई । चेहरी गांव में सड़क और बिजली पहुंचने का कार्य भी हुआ।
चौक में स्टेडियम, पेयजल व्यवस्था, सड़क और नगर पंचायत कार्यालय विकास के पथ पर बढ़ रहे उत्तर प्रदेश के साथ कदम ताल कर रहे हैं। इन सबके बीच कुछ समस्याएं भी हैं, जिनका अब तक निदान नहीं हो सका है। शहर के बलिया नाला पर सुभाष नगर और पड़री वार्ड को जोड़ने के लिए प्रस्तावित पुल का निर्माण पिछले 18 वर्षों से बजट के अभाव में अधर में लटका है।
वर्ष 2006 में लोक निर्माण विभाग ने 83 लाख रुपये का डीपीआर तैयार किया था, अब महंगाई के चलते पुल निर्माण के लिए लगभग चार करोड़ रुपये की दरकार है। वर्षा के समय नगर के अधिकांश मोहल्ले जलभराव की समस्या से जूझते हैं। सीवरेज सिस्टम की दशकों पुरानी मांग भी अब तक पूरी नहीं हो सकी है। जंगली जानवरों के आतंक व बाढ़ की विभीषिका पीढ़ियों से यहां के लोगों को दर्द दे रही है।
खबरें और भी
युवाओं के लिए सदर विधानसभा में बेहतर कार्य हुए हैं। गांव-गांव बने खेल मैदान युवाआें की प्रतिभा निखारने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। शिक्षा व रोजगार के क्षेत्र में भी बेहतर कार्य हुए हैं। जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर का सृजन हुआ है। ग्रामीण क्षेत्र में सीसी रोड, नाली, इंटरलाकिंग मार्ग, सड़क निर्माण से आधारभूत सुविधाएं भी सुदृढ़ हुई है। -शचींद्र नाथ द्विवेदी, सक्सेना नगर, महराजगंज।
सिंदुरिया बाजार में पहले वर्षा के दौरान सड़कें कीचड़ और जलभराव से भर जाती थीं। इससे व्यापारियों, विद्यार्थियों और राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। इस समस्या को प्राथमिकता देते हुए सड़क निर्माण के साथ बेहतर जलनिकासी की व्यवस्था कराई गई। इसके बाद बाजार की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अब वर्षा के दिनों में भी आवागमन सुगम रहता है और व्यापार पर पहले जैसा असर नहीं पड़ता। -भागवत गुप्त, सिंदुरिया
कटहरा के आनंदनगर टोले पर रेहांव नाले पर पुल का निर्माण आवश्यक है। इस पुल के बनने से वनग्राम उसरहवा, कटहरा खास सहित आसपास के किसानों को जिला मुख्यालय, केएमसी, सरकारी अस्पताल, सब्जी मंडी तथा फरेंदा तक पहुंचने में समय और दूरी दोनों की बड़ी बचत होगी। साथ ही सावन में प्राचीन शिव मंदिर कटहरा खास में दर्शन के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं का आवागमन भी सुगम होगा। -कमालुद्दीन अंसारी, कटहरा खास
यह भी पढ़ें- महराजगंज में चौकीदार पति को लहूलुहान कर पत्नी को कंधे पर उठा ले गया हवसी, किया दुष्कर्म
अभी भी कुछ बुनियादी समस्याएं समाधान की प्रतीक्षा कर रहीं हैं। बरगदवा दलित बस्ती जाने वाली सड़क आज तक पक्की नहीं हो सकी है, जिससे वर्षा के दिनों में दो टोलों के ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं, बागापार मुख्य सड़क से नाई टोला को जोड़ने वाली कच्ची सड़क भी ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। इन दोनों सड़कों का शीघ्र निर्माण लोगों की समस्याओं का समाधान करेगा। - धर्मेंद्र कुमार, बागापार
सदर विधानसभा-महराजगंज
- कुल मतदाता : 378959
- पुरुष मतदाता : 205736
- महिला मतदाता : 173206
महराजगंज सदर विधानसभा क्षेत्र का चौमुखी विकास हुआ है। सड़क, बिजली, पानी सहित आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ हुईं हैं। चेहरी ग्राम पंचायत में आजादी के बाद से ही सड़क और बिजली का अभाव था। मेरे विधायक बनने के बाद वहां सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। संसाधन के अभाव में विद्युत आपूर्ति बदहाल थी। इसके लिए उपकेंद्र का निर्माण कराया गया। जिला मुख्यालय पर नए रोडवेज बस स्टेशन का निर्माण, चौक नगर पंचायत का सृजन, जिला मुख्यालय पर 15.16 करोड़ की लगत से आडिटोरियम का निर्माण, चौक नगर पंचायत में स्टेडियम का निर्माण, कटहरा प्राचीन शिव मंदिर का दो करोड़ की लागत से सुंदरीकरण कार्य, अमोढ़l में दो करोड़ 15 लाख की लगत से प्राचीन शिव मंदिर का सुंदरीकरण , चौक नगर पंचायत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना, घुघली नगर पंचायत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन व लक्ष्मीपुर एकडंगा में पीएचसी की स्थापना सहित अनेक विकास कार्य कराए गए हैं।
-जयमंगल कन्नौजिया, विधायक सदर
महराजगंज के लोगों को अभी भी आधारभूत सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है। 2007 में मेरी पहल पर महराजगंज में आइटीआइ, पालिटेक्निक और महाविद्यालय का निर्माण कराया गया। विधानसभा क्षेत्र के लोग बाढ़ की समस्या से हर वर्ष जूझते हैं। जंगली जानवरों के आतंक से किसानों की फसल प्राय: बर्बाद होती है, लेकिन इसका स्थायी समाधान अब तक नहीं किया जा सका है। बिजली कटौती व लो वोल्टेज की समस्या से लोग जूझ रहे हैं, लेकिन इसके समाधान के लिए कोई पहल नहीं की जा रही है। जिले में खाद-बीज की समस्या से किसान जूझते हैं, उनके दर्द को सुनने वाला कोई नहीं है।
-निर्मेष मंगल, रनर अप-2022