महराजगंज में ट्रेलर की टक्कर से दो चचेरे भाइयों की मौत, गांव में पसरा मातम
महराजगंज के सिसवा में तेज रफ्तार ट्रेलर और बाइक की भिड़ंत में दो चचेरे भाइयों कृष्णा और शिवलाल की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद रजवल मदरहा गांव म ...और पढ़ें

बाएं से शिवलाल व कृष्णा की फाइल फोटाे। जागरण
HighLights
सिसवा में ट्रेलर-बाइक भिड़ंत में दो भाइयों की मौत।
कृष्णा की मौके पर, शिवलाल की अस्पताल में मृत्यु।
रजवल मदरहा गांव में शोक की लहर, परिवार सदमे में।
संवाद सूत्र,सिसवा (महराजगंज)। तेज रफ्तार ट्रेलर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में दो चचेरे भाइयों की मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए आवागमन भी बाधित रहा।
पुलिस के अनुसार, रजवल मदरहा निवासी कृष्णा और शिवलाल बाइक से कुशीनगर जनपद के लक्ष्मीगंज स्थित रिश्तेदार के यहां गए थे। वहां से वापस लौटते समय देर रात कोठीभार थाना क्षेत्र के बरवा द्वारिका के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार कृष्णा की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल शिवलाल को स्थानीय लोगों की मदद से पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार को शिवलाल ने भी दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में ले लिया। ट्रेलर को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारू कराया।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में छात्रों की फर्जी हाजिरी लगाकर 8.85 लाख का किया गबन, तत्कालीन प्रधानाचार्य मसूद इशरत गिरफ्तार
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि मृतकों के स्वजन को सूचना दे दी गई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं दोनों युवकों की मौत से रजवल मदरहा गांव में शोक की लहर है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।